Weather Report : तेज हवा-बूंदाबांदी से किसानों की बढ़ी चिंता, आगे भी दो-तीन दिनों तक ऐसे ही मौसम की चेतावनी
शनिवार को तेज हवा चलने एवं बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। इससे सरसों तथा आम की पैदावार को नुकसान पहुंचने की आशंका बन गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शनिवार को तेज हवा चलने एवं बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। इससे सरसों तथा आम की पैदावार को नुकसान पहुंचने की आशंका बन गई है। मौसम विभाग की ओर से पहले ही शनिवार से तेज हवा एवं बारिश की चेतावनी दी गई थी। उसी के अनुसार शाम को तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। इन दिनों गेहूं, सरसों समेत अन्य फसलें खेत में खड़ी हैं। ऐसे में हवा चलने से किसानों की चिंता बढ़ गई।
हालांकि राहत की बात इतनी जरूर रही कि हवा बहुत तेज नहीं रही। इससे फसलों को बहुत नुकसान नहीं हुआ। मेजा के रामसेवक तथा फूलपुर के राकेश यादव का कहना है कि बूंदाबांदी से सरसों की फली में दाग एवं कीड़े लगने का खतरा है। तेज बारिश तथा आंधी चली तो सरसों के साथ गेहूं एवं अन्य फसलों का भी काफी नुकसान होगा। उप निदेशक कृषि विनोद कुमार का कहना है कि प्रयागराज जिले में आंधी की स्थिति नहीं रही। आगे भी तेज हवा एवं बूंदाबांदी की ही बात कही जा रही है। ओलावृष्टि भी नहीं होगी। ऐसे में यहां फसलों को बहुत नुकसान नहीं होगा।
बिजली के तार पर गिरा पेड़, पोल भी उखड़ा
तेज हवा चलने की वजह से मम्फोर्डगंज के त्रिपाठी चौराहे के पास बड़ा पेड़ बिजली के तार पर गिर गया। पोल उखड़ने से पहले से ही बिजली कटौती से परेशान लोगों की मुसीबत और बढ़ गई। नगर निगम की टीम देर रात तक पेड़ हटाने की कवायद में जुटी रही। कल्याणी देवी में 11 हजार की लाइन का पोल उखड़ गया। इससे बिजली कटौती के साथ जाम भी लग गया। पोल देर रात हटा दिया गया था।