Prayagraj : धूमनगंज में भाई के साथ मिलकर पत्नी की गोली मारकर की हत्या, बच्चों को भी दी धमकी
धूमनगंज के नीवां गांव में शनिवार देर रात पति ने भाई के साथ मिलकर अपनी पत्नी की गाेली मारकर निर्मम हत्या कर दी। नाबालिग बेटे ने बताया कि वह और उसकी बहन बगल के कमरे में सो रहे थे।
विस्तार
धूमनगंज के नीवां गांव में शनिवार देर रात पति ने भाई के साथ मिलकर अपनी पत्नी की गाेली मारकर निर्मम हत्या कर दी। नाबालिग बेटे ने बताया कि वह और उसकी बहन बगल के कमरे में सो रहे थे। गोली की आवाज सुनकर कमरे में पहुंचे तो उनकी मां खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। चाचा ने धमकी दिया कि यदि पुलिस से बताओगे तो तुम दोनों भाई-बहन को भी जान से मार दूंगा। हत्या के बाद से आरोपी पति देवर समेत ससुराल के सभी लोग फरार हैं।
प्रीति भारती (37) पीपलगांव की रहने वाली थी। करीब 18 साल पहले उनकी शादी नीवां निवासी राजेश भारती के साथ हुई थी। वह फूलमाला का कारोबार करता है। उनका एक 14 वर्षीय बेटा और एक 16 वर्षीय बेटी है। प्रीति आंगनबाड़ी में टीचर थीं। नाबालिग बेटे ने बताया कि रोज की तरह उनकी मां शनिवार रात में खाना बनाया। सभी खाना खाने के बाद वह और उसकी बहन एक कमरे में और मम्मी-पापा दूसरे कमरे में सोने के लिए चले गए।
रात करीब एक बजे मम्मी के कमरे से जोरदार धमाके के साथ चीखने की अवाज आने पर उनकी आंखें खुल गई। कमरे की तरफ जाने लगा तो सामने से गेट बंद था। उसके बाद भागते हुए पीछे के रास्ते से अंदर गया तो दीपक चाचा दरवाजे पर बड़ी चाकू लेकर खड़े थे, उनके पापा के हाथ में तमंचा था और वहीं पर दूसरे चाचा राकेश भी खड़े हुए थे। अंदर देखा तो उनकी मां खून से लथपथ जमीन पर मृत पड़ी हुई थीं।
चाचा ने कहा, पुलिस से बताओ तो तुम भाई बहनों को भी मार दूंगा
बेटे ने बताया कि दरवाजे के पास बड़ी चाकू लेकर खड़े दीपक चाचा ने उन्हेें धमकाते हुए कहा कि, इसके बारे में यदि पुलिस से बताओगे तो तुम दोनों भाई बहन को भी तुम्हारी मां के पास पहुंचा दूंगा। इसके बाद सभी वहां से भाग गए। मां को मृत देखकर उनकी बहन चीखने चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के भी लोग पहुंच गए। लोगों को आते देख सभी वहां से फरार हो गए।
सबसे पहले मामा को फोन कर घटना की जानकारी दी
बेटे ने बताया कि सबसे पहले वह अपने मामा पंकज के पास फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही करीब दो बजे उनके मामा और उनके साथ अन्य लोग पहुंच गए। उसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। तब तक परिवार के सभी लोग वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने बेटे और बेटी से घटना के बारे में पूछताछ की। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
एक साल पहले चाचा ने की थी मां के साथ अश्लीलता, तभी से होता था झगड़ा
बेटे ने बताया कि करीब एक साल पहले चाचा दीपक उनकी मां को अकेले पाकर अश्लीलता की थी। उसके बाद घर में खूब झगड़ा हुआ था। उसी को लेकर मम्मी और परिवार के अन्य लोगों में मन मुटाव को गया था। बीच बची में उसी को लेकर घर में झगड़ा होता रहता था। हालांकि घटना के दिन किसी भी बातचीत या विवाद की बात से बेटे ने इन्कार किया है।
पत्नी को मारी थी दो गोली, दोनों हो गई पार
रविवार शाम डॉक्टरों के पैनल ने महिला के शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान महिला को दो गाेली लगने की पुष्टि हुई। एक गोली महिला के बाएं पसली में लगी थी और पार निकल गई। वहीं दूसरी गोली उसके बाएं कान के नीचे लगी थी और गले के सामने हिस्से से पार हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार करने के लिए अपने साथ लेकर चले गए। धूमनगंज इंस्पेक्टर अमरनाथ राय ने बताया घटना के बाद से परिवार के लोग फरार हैं। बेटे के बयान के आधार पर पति और उसके दो भाइयों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर उनकी खोजबीन की जा रही है।