प्रयागराज : संगम नगरी से बौद्धनगरी सिद्धार्थनगर की राह होगी आसान
अगले वित्तीय वर्ष में ही प्रयागराज से सिद्धार्थनगर तक बिना इंजन बदले इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी द्वारा इस रूट में स्पीड ट्रायल 24 मार्च को लिया जाएगा।
विस्तार
संगम नगरी से बौद्ध पर्यटन स्थल के रूप में विख्यात सिद्धार्थनगर की राह आसान होगी। केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) प्रयागराज ने गोरखपुर से नौतनवा होते हुए सिद्धार्थनगर तक रेल विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया है।
अगले वित्तीय वर्ष में ही प्रयागराज से सिद्धार्थनगर तक बिना इंजन बदले इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी द्वारा इस रूट में स्पीड ट्रायल 24 मार्च को लिया जाएगा।
कोर प्रयागराज द्वारा पिछले वर्ष ही प्रयागराज से गोरखपुर होते हुए नौतनवा तक रेल विद्युतीकरण का कार्य किया गया था। इस रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो चुका है।
यहां रेल संचालन शुरू होने से प्रयागराज से नेपाल बार्डर तक इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों की कनेक्टिविटी हो चुकी है। अब इसी क्रम में नौतनवा से सिद्धार्थ नगर तक 72 किमी रेलखंड पर भी कोर ने विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया है।
ट्रेनों का संचालन शुरू पर प्रयागराज-गोरखपुर-सिद्धार्थनगर के बीच कहीं भी इंजन बदलने की जरूरत नहीं होगी। अभी कुछ ट्रेनें जो इस रूट पर आती हैं, उनका इंजन गोरखपुर में बदलना होता है।
कोर प्रयागराज के सीपीआरओ अमिताभ शर्मा का कहना है कि इस रेलखंड पर विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी द्वारा स्पीड ट्रायल करने की तिथि 24 मार्च तय की गई है। उनके स्पीड ट्रायल के बाद अगले वित्तीय वर्ष से इस रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
सिद्धार्थ नगर के आगे बढ़नी तक पूरा हुआ रेल विद्युतीकरण
गोरखपुर से गोंडा जाने वाला रेलमार्ग जो सिद्धार्थनगर-बढ़नी के रास्ते निकलता है, उसमें कोर ने बढ़नी तक रेल विद्युतीकरण कर लिया है। तकरीबन दस वर्ष पूर्व ही मीटर गेज से इस रेलखंड को ब्राड गेज में तब्दील किया गया था। इस रूट पर अभी डीजल इंजन लगी ट्रेनों का ही संचालन हो रहा है लेकिन निकट भविष्य में इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों की आवाजाही भी इस रूट पर शुरू हो जाएगी।
सिद्धार्थ नगर के लिए रामबाग से शुरू हो सकती है इंटरसिटी
प्रयागराज से सिद्धार्थ नगर के लिए वर्तमान समय एक भी सीधी ट्रेन नहीं है। लेकिन अब गोरखपुर-नौतनवा होते हुए सिद्धार्थ नगर रेल मार्ग का विद्युतीकरण हो जाने के बाद यहां से सीधी ट्रेन शुरू होने की आस बंध गई है। बताया जा रहा है कि प्रयागराज रामबाग से अगले वित्तीय वर्ष में सिद्धार्थ नगर के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू किया जा सकता है।