जॉब : प्रयागराज में पूर्व सैनिकों के लिए 1000 से अधिक नौकरियां, 40 कंपनियां देंगी रोजगार
Rojgar Mela : सेना में देश की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले जवान अब कॉरपोरेट जगत में भी अपनी काबिलियत दिखाएंगे। प्रयागराज में आयोजित रोजगार मेले में 40 कंपनियों ने एक हजार से अधिक नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की।
विस्तार
सेना से सेवानिवृत्त होने वाले जवानों को दूसरा करियर देने की पहल के तहत शुक्रवार को प्रयागराज में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के पुनर्वास महानिदेशालय की ओर से आयोजित मेले में करीब 40 कॉरपोरेट कंपनियों ने हिस्सा लिया। इनके माध्यम से पूर्व सैनिकों के लिए एक हजार से अधिक रिक्तियों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया। मेले में करीब एक हजार पूर्व सैनिकों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई।
इस मौके पर मेजर जनरल एसबीके सिंह, सेना मेडल, महानिदेशक पुनर्वास ने कहा कि सेना में करीब 35 से 40 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त होने वाले जवानों को दूसरा करियर उपलब्ध कराना पुनर्वास महानिदेशालय की प्राथमिकता है। सैनिकों में अनुशासन, निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत जैसे गुण होते हैं। इनकी क्षमताओं का इस्तेमाल देश के विकास में भी किया जा सकता है। रोजगार मेला इसी दिशा में एक प्रयास है।
देश के हर हिस्से में आयोजित किए जाते हैं रोजगार मेले
उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हर साल करीब 18 से 20 रोजगार मेले आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष की श्रृंखला में प्रयागराज का मेला पांचवां है। पूर्व सैनिकों के लिए पारंपरिक नौकरियों के साथ आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर तलाशे जा रहे हैं।
मेजर जनरल सिंह ने बताया कि पूर्व सैनिक चालक, ड्रोन संचालक, तकनीकी एवं यांत्रिक कार्यों, मरम्मत, कंप्यूटर, साइबर सुरक्षा, लेखा, डेटा विश्लेषण और कृषि उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में काम करने में सक्षम हैं। इसके अलावा उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कॉरपोरेट जगत और रोजगार मेले के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
