Prayagraj : हंसी-मजाक से शुरू हुए विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, गांव में पुलिस बल तैनात
जसरा थाना क्षेत्र की चितौरी ग्रामसभा में मामूली कहासुनी के बाद मारपीट की एक घटना में 65 वर्षीय बुजुर्ग कल्लू पटेल की मौत हो गई। मृतक लेवदा महावीरन मजरा का रहने वाला था। घटना के बाद से गांव में तनाव है जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
विस्तार
जसरा थाना क्षेत्र की चितौरी ग्रामसभा में मामूली कहासुनी के बाद मारपीट की एक घटना में 65 वर्षीय बुजुर्ग कल्लू पटेल की मौत हो गई। मृतक लेवदा महावीरन मजरा का रहने वाला था। घटना के बाद से गांव में तनाव है जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
चितौरी निवासी कल्लू पटेल पूरे घर के जीवन यापन का एकमात्र सहारा थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और चार बेटियां हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को कल्लू जसरा बाजार से लौटते समय गांव की किराना दुकान पर बैठे थे, तभी लीवदी सेंधवार गांव के ईंट-भट्ठा मालिक मौजी लाल यादव वहां पहुंचे।
दोनों पहले मित्र रहे हैं और मामा-भांजे जैसे संबोधन से एक-दूसरे को पुकारते थे। प्रतिदिन की तरह हल्का-फुल्का हंसी-मजाक शुरू हुआ जो देखते ही देखते विवाद में बदल गया। तभी अचानक गुस्से में आकर मौजी लाल ने कल्लू पटेल को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट की सूचना मिलते ही आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए और उन्होंने भी कल्लू पर हमला बोल दिया। इससे कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन बोले- हत्या है, गिरफ्तारी हो
घटना की सूचना पाकर घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन परिजनों ने शव देने से इनकार कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। बाद में एसीपी कौंधियारा विवेक कुमार यादव और एसीपी बारा कुंजलता ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी मौजी लाल के घर और ईंट-भट्ठे पर दबिश दी लेकिन सभी आरोपी फरार मिले। घर में केवल एक बुजुर्ग महिला मिली। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही विशेष टीम बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।