Prayagraj: मुख्य सचिव-डीजीपी पहुंचे हाईकोर्ट, 31 मई को CJI और सीएम के दौरे के संबंध में सुरक्षा का लिया जायजा
प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे। उन्होंने हाईकोर्ट परिसर में स्थित मल्टीलेवल पार्किंग और अधिवक्ता चैंबर के के उद्गाटन की तैयारियों का जायजा लिया।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर स्थित नवनिर्मित अधिवक्ता चैंबर और पार्किंग भवन का बुधवार को मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने 31 मई को होने वाले भव्य उद्घाटन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस भवन का लोकार्पण भारत के मुख्य न्यायाधीश करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
मुख्य सचिव व डीजीपी को निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने एक पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से नवनिर्मित पार्किंग स्थल और अधिवक्ता चैंबर बिल्डिंग के निर्माण कार्य की शुरुआत से लेकर पूरा होने तक की विस्तृत जानकारी दी। नवनिर्मित भवन में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी दी।
अधिकारियों ने अधिवक्ता चैंबर और पार्किंग भवन का गहन निरीक्षण भी किया। उन्होंने पार्किंग स्थल, अधिवक्ता चैंबर, लाइब्रेरी/मल्टीपर्पज हॉल, कैफेटेरिया, कॉन्फ्रेंसिंग रूम, कॉमन हॉल, रैंप एरिया, सर्विस ब्लॉक, प्रवेश और निकास के मार्ग, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और पार्किंग की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के दिए निर्देश
मुख्य सचिव व डीजीपी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम को सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीजी जोन संजीव गुप्ता, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अमित पाल सहित कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.