चाय पी, पैसा मांगने पर की फायरिंग, दहशत
ममफोर्डगंज का रहने वाला अंतू कटरा में कारपेंटरी चौराहे पर चाय की दुकान चलाता है। बृहस्पतिवार रात लगभग साढ़े सात बजे आधा दर्जन छात्र बाइक से उसकी दुकान पर चाय पीने आए। दुकानदार ने चाय के पैसे मांगे तो छात्र विवाद करने लगे। कहासुनी में बात बढ़ी तो छात्रों के गुट में शामिल एक युवक ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। हंगामा देख आसपास के दुकानदार अंतू की तरफ से आ गए। भीड़ के बीच अपने को घिरता देख हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। गोली चलने के बाद चौराहे पर भगदड़ मच गई। रात का वक्त होेने के चलते चौराहे पर काफी भीड़ थी। दहशत में लोग सुरक्षित स्थान तलाश कर दुबक गए। तभी वहीं मौजूद सिविल डिफेंस के रविशंकर द्विवेदी अपने साथियों के साथ पहुंच गए।
आपाधापी में हमलावर एक बाइक छोड़कर भागे। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। फायरिंग की सूचना पर इंस्पेक्टर कर्नलगंज समीर सिंह और कटरा चौकी प्रभारी राम करन सिंह पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। इंस्पेक्टर समीर सिंह ने बताया कि चाय दुकानदार और छात्रों के रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद छात्र फायरिंग करते हुए भाग निकले। तहरीर लेकर मामले की छानबीन की जा रही है कि हमलावर छात्र कौन थे।