रीवा रोड पर बेकाबू टैंकर ने ली मासूम की जान
गोंडा जिले के कुछ बंजारा परिवार महेवा खान चौराहे के समीप रीवा रोड किनारे टेंट लगाकर रहते हैं। एक बंजारा परिवार का मोहम्मद अरशद उर्फ राजा अपनी दादी 50 हबीबुनिशां के साथ सड़क किनारे बैठा था। करीब पौने चार बजे जारी की तरफ से तेज गति में आ रहे बेकाबू टैंकर ने सड़क किनारे बैठे मासूम राजा को रौंद दिया। बालक की वहीं मौत हो गई। उसकी दादी हबीबुनिशां गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों ने भाग रहे टैंकर को घेरकर चालक को दबोच लिया।
वह नशे में धुत था। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। मौके पर आकर पुलिस ने चालक को भीड़ के कब्जे से हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। बालक की मौत से नाराज लोगों ने हंगामा शुरू किया तो पुलिस ने किसी तरह उन्हें मनाया। घायल दादी को भी अस्पताल ले जाया गया। राजा का कुनबा ढोलक बनाकर गांव-गांव बेचता है। हादसे के वक्त राजा का पिता ढोलक बेचने निकला था।