Court : आईफोन में गड़बड़ी निकलने पर नया फोन देने का आदेश, 10 हजार हर्जान भी
सिविल लाइंस निवासी छात्र देव सिंह खरई को खराब आईफोन-12 प्रो मैक्स भेजना गुरुग्राम के रिटेल फिस्टा और कोशिफाई स्टोर को महंगा पड़ गया। जिला उपभोक्ता आयोग ने कंपनी को उपभोक्ता को नया आईफोन देने का आदेश दिया है।
विस्तार
सिविल लाइंस निवासी छात्र देव सिंह खरई को खराब आईफोन-12 प्रो मैक्स भेजना गुरुग्राम के रिटेल फिस्टा और कोशिफाई स्टोर को महंगा पड़ गया। जिला उपभोक्ता आयोग ने कंपनी को उपभोक्ता को नया आईफोन देने का आदेश दिया है।
ऐसा न करने पर केस फाइल करने की तिथि से आईफोन की कीमत 58,121 रुपये पर आठ फीसदी ब्याज संग पीड़ित को चुकाने का आदेश दिया है। साथ ही मानसिक और शारीरिक क्षतिपूर्ति के रूप में 10 हजार रुपये हर्जाना भी लगाया है।
वादी देव सिंह देहरादून यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। उन्होंने 23 अगस्त 2023 को ऑनलाइन आई फोन-12 प्रो मैक्स (6 जीबी/256 जीबी) ऑर्डर किया था। इसके लिए उन्होंने गूगल-पे के माध्यम से 58,121 रुपये चुकाए थे।
अगले दिन डिलीवरी के बाद मोबाइल फोन की जांच की तो उसका डिस्प्ले खराब था। उसमें सफेद लाइन आ रही थी और मोबाइल फोन पासवर्ड प्रोटेक्टेड था। साथ ही फोन और बिल में दर्ज आईएमईआई नंबर भी अलग-अलग था।
यह देखते ही उन्होंने ई-मेल के माध्यम से कंपनी को इसकी जानकारी दी। 19 अगस्त 2023 को ई-मेल के माध्यम से मिले जवाब में कहा गया कि इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती है। इससे परेशान होकर वादी ने 18 जुलाई 2024 को जिला उपभोक्ता आयोग में केस फाइल किया।
2,000 रुपये अतिरिक्त करने होंगे अदा
आयोग के अध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम और सदस्य प्रकाश चंद्र त्रिपाठी की बेंच ने गुरुग्राम के सेक्टर-17 स्थित कोशिफाई के सीईओ और रिटेल फिस्टा के प्रबंधक के विरुद्ध महज पांच माह में फैसला सुनाया। आदेश दिया कि केस फाइल करने की तिथि से वादी से पुराना फोन लेकर नया आईफोन-12 देना होगा। ऐसा नहीं करने पर आईफोन की कीमत 58,121 रुपये पर आठ फीसदी ब्याज संग भुगतान दो माह के भीतर करना होगा। इसके अलावा अन्य खर्च के लिए 2,000 रुपये अतिरिक्त अदा करने होंगे।
