प्रयागराज : प्रतियोगी छात्रों ने फाफामऊ डाली थी डकैती, आईफोन, महंगे जूतों व चश्मे के शौक ने बनाया अपराधी
फाफामऊ कछार में घर बनवाकर रहने वाले राम कुमार पांडेय के घर में नौ नवंबर को डकैती पड़ी थी। बदमाशों ने घर वालों को घायल कर लाखों के गहनों और नकदी के साथ स्पार्क कार और एक बाइक भी लूट ली थी।
विस्तार
फाफामऊ कछार में नौ नवंबर को राम कुमार पांडेय के घर हुई डकैती का खुलासा हो गया है। आस पास के ही आठ युवकों ने वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए सभी छह आरोपी छात्र हैं। कोई कोचिंग कर रहा है तो कोई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी। उनके पास से लूटे गए आभूषण, नकदी, कार और बाइक समेत तमाम चीजें बरामद हो गई हैं। दो बदमाशों को नामजद किया गया है। बृहस्पतिवार को पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
फाफामऊ कछार में घर बनवाकर रहने वाले राम कुमार पांडेय के घर में नौ नवंबर को डकैती पड़ी थी। बदमाशों ने घर वालों को घायल कर लाखों के गहनों और नकदी के साथ स्पार्क कार और एक बाइक भी लूट ली थी। फाफामऊ पुलिस और एसओजी ने सचिन कुमार, सुशील कुमार उपाध्याय और शिवा उपाध्याय के साथ ही अनुपम राय, हर्ष सिंह और देवेंद्र कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से लूटे गए आभूषण, प्रिंटर, सिलिंडर, कार, बाइक समेत तमाम चीजें बरामद कर ली गईं। सात हजार रुपये नकद भी मिले। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सभी अभियुक्त पढ़ने वाले छात्र हैं। कोई सीडीएस की तैयारी कर रहा है तो कोई प्रतियोगी परीक्षाओं की। किसी ने बीएड किया है तो कोई आईटीआई पास है। पकड़े गए युवकों को मंहगे आईफोन, जूतों और चश्मों ने अपराधी बना दिया। सभी मंहगे रेस्टोरेंट में समय बिताना पसंद करते थे।
राम कुमार पांडेय के घर में कई गाड़ियां खड़ी होती थीं। इससे उन्होंने अंदाजा लगाया था कि इस घर में बहुत पैसा होगा। इसी कारण राम कुमार का घर चुना गया। डकैती की पूरी योजना सचिन कुमार और हर्ष सिंह ने बनाई थी। बाद में योजना में सुशील उपाध्याय, शिवा, अनुपम राय और देवेंद्र कुमार मिश्रा को भी शामिल किया गया। हर्ष और सचिन ने राम कुमार के मकान में रेकी की और नौ नवंबर की रात घर पर धावा बोलकर डकैती की गई।
जूस की दुकान पर बनाया आपराधिक गिरोह, एक आरोपी सिपाही का बेटा
फाफामऊ में एक जूस की दुकान है जहां पर सुशील, शिवा, अनुपम और हर्ष जूस पीने आते थे। यहीं पर उनकी दोस्ती हो गई। सभी को मंहगी चीजों का शौक था। उनका एक दोस्त निशांत है। उसने अपने शौक पूरे करने के लिए जूस वाले से दो लाख अस्सी हजार रुपये उधार लिए थे। जूस वाले को साठ हजार ब्याज जोड़कर तीन लाख चालीस हजार देना था। निशांत की ओर से सुशील, शिवा, अनुपम और हर्ष ने गारंटी ली थी।
बाद में निशांत रुपये नहीं चुका पाया और यहां से भाग गया। इसके बाद जूस दुकानदार गारंटी लेने वाले युवकों से पैसे मांगने लगा। युवकों ने अपने दोस्तों सचिन कुमार और देवेंद्र मिश्रा निवासी होलागढ़ से यह बात बताई तो सभी ने मिलकर डकैती की योजना बना दी। पकड़ा गया अनुपम राय सिपाही का बेटा है। उसके घर के दो लोग पुलिस विभाग में हैं।
पकड़े गए अभियुक्त
सचिन कुमार (25) निवासी होलागढ़
शैक्षिक योग्यता-बीएड
-सुशील उपाध्याय निवासी (21) दुबौबरिया, बस्ती
शैक्षिक योग्यता-आईटीआई
-शिवा उपाध्याय निवासी (18) गौसपुर कलवारी, बस्ती
शैक्षिक योग्यता-इंटरमीडिएट
-अनुपम राय(20) निवासी सिकंदरपुर बलिया
शैक्षिक योग्यता-बीए
-हर्ष सिंह (18) निवासी कंधई प्रतापगढ़
शैक्षिक योग्यता-इंटरमीडिएट
-देवेंद्र कुमार मिश्रा (26) निवासी होलागढ़
शैक्षिक योग्यता-इंटरमीडिएट
वांछित
-प्रियम
-दीपक