Cold Store Case : पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोर का लाइसेंस निरस्त, जल्द होगी बड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सपा नेता व पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। फाफामऊ के चंदापुर गांव में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित आदर्श कोल्ड स्टोर का एक हिस्सा 23 मार्च को ढह गया था।
विस्तार
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सपा नेता व पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। फाफामऊ के चंदापुर गांव में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित आदर्श कोल्ड स्टोर का एक हिस्सा 23 मार्च को ढह गया था, जिसमें चार मजदूरों की मौत हो गई थी जबकि 17 लोग घायल हुए थे।
जांच में पूर्व मंत्री के कोल्ड स्टोर में कई खामियां मिली हैं। जांच अलग-अलग विभागों को सौंपी गई है। पीडब्ल्यूडी डीएम को रिपोर्ट सौंप चुका है। इसमें स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि कोल्ड स्टोर की इमारत जर्जर है। बीम पर लगी सरिया कमजोर हो चुकी है। किसी भी वक्त आसानी से छूट सकती है, जिसकी वजह से इमारत का अन्य हिस्सा भी ढह सकता है।
छत भी काफी कमजोर हो चुकी है। क्याेंकि, छत पर लगे स्टील बार को भी ठीक से कवर नहीं किया गया था। इसके अलावा कोल्ड स्टोर के पास कारखाने का लाइसेंस भी नहीं था और तीन साल से उसका फिटनेस टेस्ट भी नहीं हुआ। अमोनिया की पाइप लाइन भी काफी पुरानी है। जांच कराई जा रही है कि पाइप लाइन व अमोनिया टैंक की मरम्मत कब से नहीं कराई गई है।
यह परीक्षण भी किया जा रहा है कि कोल्ड स्टोर की इमारत को जो हिस्सा बचा है, उसे ऐसे ही छोड़ना ठीक रहेगा या फिर गिराना पड़ेगा ताकि भविष्य में किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रह जाए।
कोल्ड स्टोर को पूरा गिराने के मसले पर जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है। फिलहाल, अभी इसी पर मंथन चला रहा है कि कोल्ड स्टोर में पड़ीं आलू की 1.10 लाख बोरियां सुरक्षित कैसे निकाली जाएं। कोल्ड स्टोर का एक हिस्सा ढहने से वहां का तापमान बढ़ गया है।
ऐसे में आलू के खराब होने की आशंका है। अगर जल्द वहां से आलू नहीं निकाला गया तो किसानों को बड़ा नुकसान हो सकता है। दूसरी ओर डीएम के निर्देश पर जिले के सभी 50 कोल्ड स्टोर की जांच शुरू करा दी गई है, जिसकी रिपोर्ट अगले हफ्ते आएगी।
आदर्श कोल्ड स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है और अलग-अलग विभागों से जांच कराई जा रही है। सभी जगह से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिले के अन्य कोल्ड स्टोर की भी जांच कराई जा रही है कि उनका संचालन मानकों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं। - मनीष कुमार वर्मा, डीएम