प्रयागराज : महिला डॉक्टर से 1.78 करोड़ की ठगी, 20 से अधिक खातों में ट्रांसफर कराई रकम
जॉर्जटाउन में महिला डॉक्टर से साइबर ठगों ने करीब एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखकर उनसे 1.78 करोड़ रुपये ठगी कर ली।
विस्तार
जॉर्जटाउन में महिला डॉक्टर से साइबर ठगों ने करीब एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखकर उनसे 1.78 करोड़ रुपये ठगी कर ली। जालसाजों ने पहले कुरियर कंपनी का कर्मचारी बनकर फोन किया और फिर बाद में खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए पार्सल में ड्रग्स मिलने की धमकी देकर चपत लगा दी।
जांच में पता चला कि ठगों के दबाव में महिला डॉक्टर ने दिल्ली, महाराष्ट्र समेत अलग-अलग स्थानों के बैंक खातों में 20 से अधिक बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कराए हैं। साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिछले महीने उनके पास अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को कुरियर कंपनी का कर्मचारी बताया और उनके नाम से पार्सल आने की जानकारी दी। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से फोन आया। इस बार कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। उसने पार्सल में ड्रग्स मिलने और मामले को गंभीर बताते हुए गिरफ्तारी की धमकी दी।
आरोपियों के कहने पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करती रहीं। वह करीब एक महीने तक ठगों के संपर्क में रहीं। इस दौरान उन्हें जांच का हवाला देकर किसी दूसरे व्यक्ति से संपर्क न करने की हिदायत दी। इस तरह कुल 1.78 करोड़ रुपये की ठगी हो गई। बड़ी रकम ट्रांसफर कराने के बाद भी ठगों की मांग जारी रही। साइबर थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जिन बैंक खातों में ठगी की रकम भेजी गई, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। मोबाइल नंबरों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी
- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर न करें।
- वीडियो कॉल कर डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी जाए तो घबराएं नहीं।- कोई ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंकिंग विवरण मांगे तो जानकारी न दें।
- किसी के दबाव में आकर स्क्रीन शेयर या रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड न करें।- ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।