UPPSC : सात विभागों में 36 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, आयोग ने जारी किया विज्ञापन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने विभिन्न विभागों में तीन दर्जन से अधिक पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। आवेदन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है, ऑनलाइन तरीके से होगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) सात विभागों में 36 पदों पर सीधी भर्ती के लिए 24 मार्च से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया कर दी है। इसके लिए आयोग ने विस्तृत विज्ञापन भी जारी किया है। आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सहायक वास्तुविद के दो पदों, मत्स्य विभाग में सहायक निदेशक (मत्स्य) के सात, वित्तीय प्रबंधन एवं बजट निदेशालय में शोध अधिकारी के एक, चिकित्सा शिक्षा विभाग में प्रवक्ता फॉर्मेसी और आयुष होम्योपैथी विभाग में रीडर उपाचार्य (होम्योपैथिक मटेरिया मेडिका और होम्योपैथी फॉर्मेसी) के 11-11 पदों पर भर्ती होगी।
इसके साथ ही आयुष (यूनानी) विभाग में आचार्य मुनाफेउल आजा के एक पद व प्राध्यापक (इल्मुल सैदला एवं इल्मुल अदविया) के दो पद और यूनानी निदेशालय के तहत आचार्य कुल्लियात के एक पद पर भर्ती होगी। ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाने व ऑनलाइन आवेदन शुल्क बैंक में जमा किए जाने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन में संशोधन और शुल्क समाधान की अंतिम तिथि एक मई और आवेदन की हार्डकॉपी आयोग में जमा करने की अंतिम तिथि आठ मई तय की गई है। ऑनलाइन आवेदन से पूर्व अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी। ओटीआर नंबर प्राप्त होने के बाद ही अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।