Allahabad University : पीजी प्रवेश परीक्षा दो जून से, छह राज्यों के 11 शहरों में कराई जाएगी परीक्षा
दो जून को सुबह 9:30 से 11:30 बजे की पाली में एलएलएम एवं एलएलबी और अपराह्न दो से चार बजे की दूसरी पाली में एमकॉम की प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों मोड में होगी। वहीं, तीन जून को सुबह 9:30 से 11:30 बजे की पाली में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मोड में पीजीएटी-1 (परंपरागत पाठ्यक्रमों की परीक्षा) का आयोजन किया जाएगा।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में सत्र 2023-24 के लिए परास्नातक प्रवेश परीक्षा (पीजीएटी) दो से पांच जून तक आयोजित की जाएगी। प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से मंगलवार को परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया। दो जून को सुबह 9:30 से 11:30 बजे की पाली में एलएलएम एवं एलएलबी और अपराह्न दो से चार बजे की दूसरी पाली में एमकॉम की प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों मोड में होगी। वहीं, तीन जून को सुबह 9:30 से 11:30 बजे की पाली में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मोड में पीजीएटी-1 (परंपरागत पाठ्यक्रमों की परीक्षा) का आयोजन किया जाएगा।
चार जून को सुबह 9:30 से 11:30 और अपराह्न दो से चार बजे की पाली में इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) एवं पीजीएटी-2 के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा होगी। इन पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा केवल ऑनलाइन मोड में होगी। वहीं, पांच जून को दोनाें पालियों में केवल पीजीएटी-2 का आयोजन किया जाएगा। यह प्रवेश परीक्षा भी केवल ऑनलाइन मोड में होगी।
प्रवेश परीक्षा के लिए छह राज्यों के 11 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जयंत कुमार पति के अनुसार नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों मोड में परीक्षाएं होंगी। वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, पश्चिमी बंगाल के कोलकाता, बिहार के पटना और केरल के तिरुवनंतपुरम में केवल ऑनलाइन मोड में प्रवेश परीक्षा होगी।
निदेशक के अनुसार सीयूईटी (पीजी)-2023 का स्कोर पीजी एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए लागू नहीं होगा। गैर विषय के तहत आवेदन करने वाले आवेदकों को पीजीएटी-2023 की विवरिणका में पृष्ठ संख्या तीन से सात पर अपनी पात्रता और ग्रेडिंग की जांच करनी होगी। अधिक जानकारी इविवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आवेदन की अंतिम तिथि 20 तक बढ़ी
पीजी में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 16 मई थी, जिसे 20 मई तक बढ़ा दिया गया है। मंगलवार शाम तक 48045 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है और इनमें से 26729 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। ऐसे में रजिस्ट्रेशन कराने वालों में से महज 55.63 फीसदी अभ्यर्थियों ने ही आवेदन की प्रक्रिया पूरी की है, जो काफी कम है। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से अब आवेदनों की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है।
आज से आवेदन में त्रुटि सुधार का मौका
जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन में गलती की है, उन्हें त्रुटि सुधार का मौका दिया गया है। अभ्यर्थी 17 से 20 मई तक अपने आवेदनों में त्रुटि सुधार कर सकते हैं। हालांकि, कुछ मामलों में त्रुटि सुधार का विकल्प नहीं दिया गया है। इनमें मोबाइल फोन नंबर, दिव्यांगता के प्रकार, विषय का चयन शामिल है। अभ्यर्थी इनमें सुधार नहीं कर सकेंगे।