Aligarh Murder: ट्यूबवेल के पानी को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी सहित पांच लोग गिरफ्तार
मृतक की पत्नी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
विस्तार
थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर में शनिवार रात ट्यूबवेल के पानी को लेकर एक ही खानदान के दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग में एक दिव्यांग को भी गोली लगी है। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार चार दिन पहले एक ही खानदान के मनोज शर्मा (38) पुत्र राम कुमार शर्मा और शिवम शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा में ट्यूबवेल के पानी को लेकर कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया। लेकिन शनिवार रात 9:30 बजे मनोज शर्मा और शिवम शर्मा अपने परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर बात कर रहे थे। तभी ट्यूबवेल के पानी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोपी शिवम पक्ष ने मनोज को लाठी-डंडों से पीटा। जब मनोज ने बचने के लिए भागने का प्रयास किया तो उसे गोली मार दी।
घटनास्थल से दो सौ मीटर की दूरी तक मनोज को तीन गोली मारी गईं। मनोज के परिजन उसे आनन-फानन अस्पताल ले जाने लगे। ग्रामीणों के अनुसार परिजन घायल मनोज को जब अस्पताल ले जा रहे थे तो शिवम ने फिर उस पर फायरिंग कर दी। इसी फायरिंग में एक गोली गांव के ही रवि को लग गई। दोनों घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां मनोज ने दम तोड़ दिया। रवि की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
बेटों को दिल्ली से बुलाकर कराई हत्या,छह गिरफ्तार
मृतक मनोज पक्ष ऋषि व राजू पक्ष को नलकूप से पानी नहीं दे रहा था। उल्टा अभद्रता कर दी थी। इसी बात से आहत होकर राजू ने दिल्ली में नौकरी करने वाले अपने दोनों बेटों शिवम व मनीष को बुलाया और हत्या प्लान कर ली। एसपी देहात पलाश बंसल ने बताया कि इस हत्या का मुकदमा मृत मनोज की भाभी निर्मला देवी ने नामजद शिवम उसके भाई मनीष, पिता राजू व चाचा ऋषि, प्रेमप्रकाश और प्रेम प्रकाश के बेटे बंटी पर दर्ज कराया है। पांच आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जिनसे हथियार भी बरामद हुए हैं। दोनों पक्ष एक ही खानदान से हैं। मृत मनोज व आरोपी राजू आपस में चचेरे भाई हैं।
मनोज के भतीजे को निशाना बनाया, दिव्यांग को लगी गोली
पीड़ित पक्ष व आरोपियों से पूछताछ में उजागर हुआ कि मनोज को मौत के घाट उतारने के बाद भी हमलावर इधर-उधर नहीं हुए। इसी बीच जब छत से घटना को देख रही निर्मला देवी की चीख पर परिजन आए और मनोज का भतीजा मनोज को उठाने लगा, तभी हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर गोली चलाई। इस बार गोली दिव्यांग रवि के लग गई।
मनोज के शरीर से दो गोलियां पार निकलीं
मनोज के शव के पोस्टमार्टम में उजागर हुआ कि उसके शरीर से दो गोलियां पार निकलीं हैं, जिससे मौत हुई। एक गोली सीने और दूसरी उसके बगल को भेदते हुए निकली। वहीं मौके पर कुल पांच राउंड फायर होना उजागर हुआ है।
मेडिकल व पोस्टमार्टम पहुंचे विधायक-सपा नेता
इस घटना की खबर पर रात में ही कोल क्षेत्र से भाजपा विधायक अनिल पाराशर व सपा नेता सलमान शाहिद मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। जहां परिवार से संवेदना जताई और घायल के उपचार पर अधिकारियों से बात की। इसके बाद सपा नेता सलमान शाहिद दिन में पोस्टमार्टम केंद्र पर भी पहुंचे और परिवार के साथ मौजूद रहकर सहारा दिया।