{"_id":"6778e4b33d916a4a98078262","slug":"younger-brother-killed-elder-one-2025-01-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"बल्ब जलाने को लेकर हुआ विवाद: छोटे भाई ने सिर पर पाइप मारकर ले ली बड़े की जान, आरोपी घर से फरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बल्ब जलाने को लेकर हुआ विवाद: छोटे भाई ने सिर पर पाइप मारकर ले ली बड़े की जान, आरोपी घर से फरार
Sat, 04 Jan 2025 01:05 PM IST
चमन शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: चमन शर्मा
Updated Sat, 04 Jan 2025 01:05 PM IST
सार
साहब सिंह और रामप्रकाश के मध्य बल्ब जलाने को लेकर विवाद हो गया। साहब सिंह अपने छोटे भाई से कह रहे थे कि रात को कई बार आंगन के बल्ब जले रह जाते हैं, जिससे बिल ज्यादा आता है, इसलिए बल्ब बंद करके ही सोया करो। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विज्ञापन
भाई ने की भाई की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
3 जनवरी की रात को एक सनसनीखेज घटना में छोटे भाई ने लोहे का पाइप सिर पर मारकर बड़े भाई की जान ले ली। यह वारदात हरदुआगंज थाना क्षेत्र के गांव भवनगढ़ी की है। घटना के पीछे बल्ब जलाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। बड़े भाई ने छोटे भाई से कहा था कि आंगन का बल्ब बंद कर दो बिल अधिक आता है। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी और छोटे भाई ने आंगन में पड़ा लोहे का पाइप उठाकर सिर पर दे मारा।
विज्ञापन
गांव भवनगढ़ी निवासी साहब सिंह उर्फ बंजरिया (58) पुत्र राजवीर सिंह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। वह अविवाहित थे। दूसरे नंबर का सुभाष, तीसरे नंबर का ज्ञानेंद्र और सबसे छोटा रामप्रकाश है। पुलिस के अनुसार वर्तमान में तीन भाई एक ही घर में अलग-अलग कमरों में रहते हैं, जबकि सुभाष बीते करीब दो साल से उत्तराखंड के महुआ खेड़ा में रहकर मजदूरी करता है। इन चारों के पास करीब चार बीघा जमीन है।
विज्ञापन
3 जनवरी की रात करीब आठ बजे साहब सिंह और सबसे छोटे रामप्रकाश के मध्य बल्ब जलाने को लेकर विवाद हो गया। साहब सिंह अपने छोटे भाई से कह रहे थे कि रात को कई बार आंगन के बल्ब जले रह जाते हैं, जिससे बिल ज्यादा आता है, इसलिए बल्ब बंद करके ही सोया करो। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान रामप्रकाश ने घर में रखे लोहे के पाइप को साहब सिंह के सिर में दे मारा, जिससे साहब सिंह घायल होकर आंगन में गिर गए। वह कुछ ही देर में खून से लथपथ हो गए थे।
विज्ञापन
घायल को तत्काल दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान साहब सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी रामप्रकाश फरार हो गया। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। सीओ सरजना सिंह ने बताया कि मृतक साहब सिंह ने छोटे भाई रामप्रकाश को बल्ब बंद करने को कहा था। इसी पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। देर रात इस मामले में तीसरे नंबर के भाई ज्ञानेंद्र सिंह की तरफ से चाैथे नंबर के भाई रामप्रकाश के खिलाफ तहरीर दी जा रही थी।