AMU: सीएम की तस्वीर वाली पट्टिका हटवाने पर हंगामा, कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र, पुलिस ने एएमयू से मांगा जवाब
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो व भाजपाई छात्र व युवा नेताओं की शिकायत का संज्ञान लेते हुए एएमयू से जवाब मांगा है। किन लोगों ने ऐसा किया व किस कारण से किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय परिसर में एमएलसी निधि की सोलर लाइट से सीएम योगी की फोटो वाली पट्टिका एएमयू के कुछ छात्रों द्वारा हटवाने का मुद्दा 17 अक्तूबर को भी गरमाया। एएमयू आरक्षण संघर्ष मोर्चा के तले छात्र नेताओं के गुट ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए फोटो हटवाने वालों पर मुकदमे की मांग की। साथ में फोटो वापस लगवाने की आवाज भी बुलंद की। इस दौरान प्रदर्शन-नारेबाजी करते हुए आंदोलन करने व खुद फोटो लगवाने तक का ऐलान कर दिया। यहां प्रदर्शन व ज्ञापन देने के बाद सिविल लाइंस थाने पहुंचकर मुकदमे की मांग रखी। बाद में अधिकारियों के 24 घंटे में कार्रवाई के आश्वासन पर छात्र नेता चेतावनी देकर वापस गए।
भाजपा में सक्रिय छात्र व युवा नेताओं का यह गुट दोपहर में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। जिसमें कहा जा रहा था कि एएमयू की धरती पर इस तरह का व्यवहार सहन किया जाएगा। जहां जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। नारेबाजी प्रदर्शन की खबर पर पुलिस बल पहुंच गया। छात्र व युवा नेताओं को समझाकर शांत किया गया। बाद में इनकी ओर से ज्ञापन एसीएम को दिया गया। जिसमें मुकदमा व फोटो पट्टिका वापस लगवाने की मांग रखी। साथ में ऐलान कर दिया कि अगर एक घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो वे वहीं सर सैयद के फोटो की प्रतियां जलाएंगे। इस ऐलान पर पुलिस अधिकारियों के स्तर से काफी देर तक समझाने के बाद वे शांत हुए।
मगर एकत्रित होकर तत्काल मुकदमे की मांग करते हुए सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। यहां काफी देर तक हंगामा व वार्ता के बाद सीओ तृतीय सर्वम सिंह संग सभी नेता एसपी सिटी कार्यालय गए। जहां एसपी सिटी ने उन्हें 24 घंटे में मुकदमा कार्रवाई व पट्टिका फिर से लगवाने का भरोसा दिलाया। तब वे शांत हुए। इस प्रदर्शन में अमित गोस्वामी, बल्देव चौधरी सीटू, जय यादव, भाजपा महानगर मंत्री संजू बजाज, भाजयुमो नेता अर्जुन सिंह भोलू, आदित्य पंडित, भाजयुमो मंत्री हर्षद हिन्दू, सागर मौर्य, अरुण शर्मा आदि थे।
पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से हुई वार्ता के क्रम में जल्द कार्रवाई व फोटो फिर से लगवाने के लिए हमें आश्वस्त किया गया है। यदि ऐसा नहीं होता तो योगी जी के फोटो एएमयू के हर तिराहे पर हम लोग लगाएंगे।-अमित गोस्वामी, भाजयुमो महानगर उपाध्यक्ष
यदि इतनी ही नफरत है तो ऐसा करने वाले छात्रों को तत्काल लाइटों को वापस करते हुए सरकार द्वारा दी जा रही छात्रवृत्ति सहित तमाम सुविधाओं को लेना बंद कर देना चाहिए। यह दोहरी नीति नहीं चलेगी। इसमें एमएलसी प्रो.तारिक मंसूर को भी आगे आकर कार्रवाई करानी चाहिए।-बल्देव चौधरी सीटू, छात्र नेता
पुलिस ने एएमयू से मांगा जवाब
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो व भाजपाई छात्र व युवा नेताओं की शिकायत का संज्ञान लेते हुए एएमयू से जवाब मांगा है। किन लोगों ने ऐसा किया व किस कारण से किया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी मांगते हुए कारण पूछा गया है। जवाब मिलने के आधार पर आगे कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं एएमयू प्राक्टर प्रो.वसीम अली का कहना है कि मामले में पूरी जानकारी पुलिस को दी जाएगी।