Aligarh News: बच्चों के झगड़े में दो पक्ष भिड़े, मुकदमा दर्ज, एसएसपी ने भेजी दो पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट
इस पूरे मामले में सदलपुर निवासी एक महिला की ओर से लोधा थाने के सिपाहियों पर छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया गया है। उक्त महिला का कहना है कि सिपाहियों ने मोबाइल नंबर मांगा और रात में गांव के बाहर आने पर झगड़ में समझौता कराने की बात कही। विरोध करने पर छेड़खानी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोमवार की रात लोधा थाना क्षेत्र के गांव सदलपुर में सवर्ण और अनुसूचित जाति के दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना पर पहुंचे थाना पुलिस के सिपाहियों से अनुसूचित जाति पक्ष के लोग भिड़ गए। सिपाहियों के साथ कहासुनी और धक्का-मुक्की की। आरोप है कि पुलिस विभाग में ही मुरादाबाद और एटा में कार्यरत दो सगे भाइयों ने आरोपियों को भड़काया। मामले में एक पक्ष से चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है, वहीं दोनों सिपाही भाइयों पर कार्रवाई के लिए एसएसपी की ओर से मुरादाबाद और एटा पुलिस को पत्र भेजा गया है।
गांव मीर की नगरिया निवासी पिंकी पत्नी सुधीर के अनुसार उनका नौ वर्षीय जतिन साइकिल से गोविंदपुर फगोई से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव सदलपुर में सदलपुर निवासी सुधीर पुत्र अशोक सहित तीन-चार अज्ञात लड़कों ने डॉॅ. आंबेडकर पार्क के पास जतिन को रोककर पीटा। इसके बाद खींचकर अपने घर ले गए। वहां भी पीटा। जान से मारने की धमकी दी और साइकिल तोड़ दी। घर लौटकर जतिन ने अपनी मां पिंकी को पूरी बात बताई तो बेटे को लेकर उसकी मां थाने पहुंची और सदलपुर निवासी तीन लड़कों के विरुद्ध तहरीर दी। इस पर थाने से पुलिस सदलपुर गांव पहुंच गई। वहां विधवा महिला से अपने बच्चों को संभालने की बात कहकर पुलिस कर्मी लौट गए।
आरोप है कि इसके बाद मीर की नगरिया से कुछ लोग सदलपुर पहुंच गए और जतिन को पीटने वाले लड़कों की विधवा मां से गाली-गलौज करने लगे। इस पर किसी ने कंट्रोल रूम में सूचना दी तो थाने सहित पीआरवी कर्मी गांव पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने पर मीर की नगरिया निवासी लोग वहां से चले गए। वहीं आरोप है कि अपने गांव सदलपुर आए दो सिपाही भाइयों ने लोगों को भड़का दिया जिससे सदलपुर निवासी अनुसूचित जाति पक्ष के लोग थाने के सिपाहियों व पीआरवी कर्मियों से कहासुनी करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिस कर्मियों ने यह सूचना थाने में दी तो बड़ी संख्या में फोर्स गांव पहुंच गया। शाम में मीर की नगरिया निवासी जतिन की मां पिंकी की ओर से सदलपुर निवासी सुधीर पुत्र अशोक व तीन-चार अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सदलपुर निवासी सिपाहियों की भूमिका की हो रही जांच
सदलपुर निवासी सिपाही सतेंद्र कुमार मुरादाबाद पुलिस लाइन में जबकि उसका भाई अंकुश कुमार एटा पुलिस लाइन में तैनात है। सतेंद्र कुमार ने डाक लेकर लखनऊ के लिए रवानगी की थी और लखनऊ न जाकर अपने गांव सदलपुर आ गया। उधर अंकुश कुमार भी एटा से अपने गांव आ गया था। वह अवकाश लेकर गांव आया था अथवा ऐसे ही यह पुलिस जांच कर रही है। एसएसपी के अनुसार मुरादाबाद और एटा के एसएसपी को दोनों सिपाहियों के बारे में रिपोर्ट भेजी गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर यहां भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा सकती है।
एक महिला से छेड़खानी का आरोप
उधर इस पूरे मामले में सदलपुर निवासी एक महिला की ओर से लोधा थाने के सिपाहियों पर छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया गया है। उक्त महिला का कहना है कि सिपाहियों ने मोबाइल नंबर मांगा और रात में गांव के बाहर आने पर झगड़ में समझौता कराने की बात कही। विरोध करने पर छेड़खानी की।