Aligarh News: जेल से छूटने के दो दिन बाद कीं चोरियां, दो सगे भाई गिरफ्तार, 10 लाख के गहने व नगदी बरामद
अलीगढ़ के क्वार्सी व महुआखेड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने घरों से सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली। जिसमें रिपोर्ट दर्ज कर इलेक्ट्रॉनिक व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो अभियुक्त को चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने व नगदी सहित क्वार्सी से गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ में रामघाट रोड इलाके के क्वार्सी-महुआ खेड़ा क्षेत्र में दो मकानों में चोरियों को जेल से छूटे एक अपराधी ने भाइयों संग अंजाम दिया था। वह घटना से दो दिन पहले जेल से छूटकर आया और फेरी वाला बनकर मकानों को चिह्नित कर चोरियां कीं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया है। तीसरे भाई व एक अन्य साथी की तलाश चल रही है।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि चार अप्रैल की रात पहली घटना मूल रूप से दादों नाय-भाय के मथुरा में कार्यरत निजी स्कूल के शिक्षक प्रबुद्ध दीक्षित के विनय नगर महुआ खेड़ा स्थित मकान में हुई। प्रबुद्ध दीक्षित परिवार सहित मथुरा थे। उनके हिस्से के मकान में ताला लगा था। उनके भाई अपने हिस्से में ताला लगाकर खाना खाने चले गए थे।
दूसरी चोरी क्वार्सी क्षेत्र के नर्मदा विहार में भाजपा एससी मोर्चा के जिला महामंत्री गांव दताचोली बुजुर्ग के प्रधान उदयवीर सिंह के बंद मकान में की। यहां से भी जेवरात चोरी किए गए। एसपी सिटी के अनुसार इंस्पेक्टर क्वार्सी एसपी सिंह की अगुवाई वाली टीम ने पहली घटना में बदमाशों के छूटे मोबाइल की मदद से दो सगे भाइयों निशातबाग के समीर उर्फ सत्रू व सहरान उर्फ फैजान को गिरफ्तार किया। इनके पास से दोनों घरों से चोरी गए करीब दस लाख रुपये कीमत के जेवरात व साठ हजार रुपये नकद बरामद हुए। दोनों को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। इस अवसर पर सीओ तृतीय सर्वम सिंह व सीओ द्वितीय धनंजय भी मौजूद रहे।
चोरी के आदतन अपराधी भाई, दो दिन पहले छूटा समीर
एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए समीर पर छह व सहरान पर नौ अपराध चोरी के दर्ज हैं। सहरान की हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। घटना से दो दिन पहले ही समीर जेल से छूटकर आया था। इसके बाद ही चोरियों को अंजाम दिया। इन्होंने पूछताछ में बुलंदशहर में भी चोरियां स्वीकारी हैं।
इनके पास से एक गले का हार, तीन गले की चेन, एक मंगल सूत्र, दो कंगन, एक माथे का टीका, एक अंगूठी, एक गले का पेंडल, चार कान के टोक्स, एक नाक की लांग के अलावा छह जोड़ी पाजेब, एक हाथ का ब्रेसलेट, पांच जोड़ी बीछिये, चार सिक्का, 11 टुकड़े आभूषण के व 60 हजार रुपये मिले हैं।