दुल्हनों ने शादी किया इन्कार: दूल्हों ने भी दी तहरीर, बोले- हो चुका है उनका सामूहि विवाह में ब्याह
जयमाला के समय दहेज में बुलेट मांगे जाने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था और मारपीट भी हुई थी। इसके बाद दुल्हनों से शादी ने इन्कार कर दिया था।
विस्तार
दहेज में बुलेट की मांग करने पर दो भाइयों की दुल्हनों के शादी से इन्कार करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। 16 अप्रैल को दूल्हों ने थाने पर तहरीर दी और बताया कि उनकी शादी तो 12 मार्च को विकास खंड पर हुए सामूहिक विवाह समारोह में ही हो गई थी, हमें तो फंसाया जा रहा है।
गांव समदपुर निवासी सुनील कुमार की दो बेटियों की शादी गत 14 अप्रैल को गांव तिसंगा निवासी सुरेश चंद्र शर्मा के बेटों मोहित शर्मा और नारायण शर्मा के साथ हो रही थी। आरोप है कि जयमाला के समय दहेज में बुलेट मांगे जाने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था और मारपीट भी हुई थी। इसके बाद दुल्हनों से शादी ने इन्कार कर दिया था।
16 अप्रैल को गांव तसींगा निवासी मोहित शर्मा और नारायण शर्मा ने थाने पर दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी 12 मार्च 2025 को विकास खंड कार्यालय सादाबाद के सभागार में हुए सामूहिक विवाह आयोजन में हो चुकी है। नारायण की पत्नी का नाम भारती और मोहित की पत्नी का नाम शिवानी है।
बाद में दोनों परिवारों की सहमति से 14 अप्रैल को गांव नीति निवास स्थित त्रिवेणी गार्डन में हो रही थी। तहरीर में दूल्हों ने लगाए आरोप : दूल्हों मोहित और नारायण का कहना है कि वधू पक्ष के कुछ लोग आए और उनके पिता व चाचा से यह कहकर सोने के आभूषण ले गए कि दुल्हन उन्हें पहनकर आएंगी। उन्हें चार सोने की अंगूठी, दो गले के सेट सौंप दिए गए।
दूल्हों का आरोप है कि बरात जब दरवाजे पर पहुंची तो लड़की पक्ष के कुछ लोग उस कमरे में घुस गए, जहां उनकी बहनें कपड़े बदल रही थीं, पड़ोस की महिला ने विरोध किया तो उसका हाथ पकड़ लिया और दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर महिला के बेेटे के साथ मारपीट की। दूल्हों का आरोप है कि उनके पिता, भाई व अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की और पुलिस को बुला लिया। सीओ सादाबाद हिमांशु का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
दुल्हन पक्ष का आरोप
दुल्हनों के पिता सुनील कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया था कि शादी में छह लाख रुपये और घरेलू साज सज्जा का सामान देना तय हुआ था। वरमाला के समय दूल्हे के बड़े भाई ने बुलेट मांगी, असमर्थता जताने पर हाथापाई करने लगे।
चचेरा भाई निर्भय भट्ट बचाने आया तो उसके साथ भी मारपीट की। बचाने आई बहन ज्योति और उनके बेटे अनंत के साथ भी मारपीट की। उनके हाथ से नकदी का थैला, चचेरी बहन मान्यता का मोबाइल छीनकर भाग गए। इसकी शिकायत बिसावर चौकी पर की, वहां से थाना सादाबाद भेज दिया, वहां से महिला थाने भेज दिया गया।