फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   The earth shook, clouds rained...hailstones fell on the hopes of farmers

Aligarh News: कांपी धरती, बरसे बादल...किसानों की उम्मीदों पर गिरे ओले

Sat, 04 Apr 2026 02:55 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sat, 04 Apr 2026 02:55 AM IST
विज्ञापन
The earth shook, clouds rained...hailstones fell on the hopes of farmers
गोंडा में बारिश के साथ गिरे ओले। - फोटो : samvad
इस बार लगातार बिगड़ रहा मौसम किसानों के लिए मुसीबत लेकर आ रहा है। शुक्रवार शाम तेज हवा और बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इससे गेहूं की कटी फसल भीग गई, जो फसल खेतों में खड़ी थी उसकी बालियां ओलों की मार से टूटकर गिर गई। इसी बीच भूकंप के झटकों से धरती कांप गई।
विज्ञापन




शहर से लेकर देहात में कस्बा गोंडा, हरदुआगंज,खैर, इगलास, लोधा, जलाली क्षेत्र में 10 से लेकर 15 मिनट तक बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे किसानों की पकी खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। दो सप्ताह से लगातार बिगड़ रहे मौसम, आंधी और बारिश से पहले ही जिले में काफी किसानों की गेहूं की फसल गिर गई थी। बृहस्पतिवार और शुक्रवार सुबह किसानों कटाई शुरू की थी, शुक्रवार शाम फिर से मौसम बदल गया।
विज्ञापन




गोंडा क्षेत्र के गांव तारापुर, तलेसरा, गुर्ज नगरिया और कस्बे में शाम करीब छह बजे शुरू हुई ओलावृष्टि करीब 10 मिनट तक होती रही। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल पक कर तैयार है। फसल की बालियां टूटकर जमीन पर गिर गईं हैं। इससे गेहूं के दाने की गुणवत्ता खराब होगी और पैदावार पर भी भारी असर पड़ेगा। भूसा भी काला पड़ जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन




बाबा अमानी सिंह लगसमा सुधारक समिति के अध्यक्ष राकेश प्रधान, गोंडा किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविकरन सिंह, भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष कैप्टन हरपाल सिंह ने प्रशासन से तत्काल सर्वे शुरू करा कर किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई है।



महावीरगंज के व्यापारी धुर्वेश वार्ष्णेय ने बताया कि वह बारिश में कुछ काम से बाहर खड़े थे, इसी दौरान सात बजे के करीब ओले गिरने लगे। एक ओला उनके सिर पर भी लगा। यह ओले मध्यम आकार के थे। नौरंगाबाद के सौरभ शर्मा ने बताया कि बारिश और ओलावृष्टि से कामकाज प्रभावित हुआ। इस दौरान सड़कों पर वाहनों का आवागमन थम गया। लोगों ने रुक कर खुद को सुरक्षित किया।



टोल फ्री नंबर 14447 पर अपने नुकसान की सूचना दर्ज कराएं किसान

जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चाैधरी ने कहा है कि जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है वह तत्काल बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर अपने नुकसान की सूचना दर्ज कराएं, जिससे बीमा कंपनी द्वारा सर्वे कराया जा सके।उन्होंने बताया कि यदि कटी फसल खलिहान में है तो भी 14 दिन के अंदर और ओलावृष्टि, वर्षा से क्षति होने की स्थिति में भी बीमा क्षति का कवरेज मिलेगा।


पश्चिमी विक्षोभ बढ़ा रहा परेशानी, आज भी बारिश का अलर्ट

एएमयू के भूगोल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अहमद मुज्तबा ने बताया कि बीते वर्ष 2025 के नवंबर और दिसंबर महीने में मौसम सामान्य रहा था। जिसका असर अब मार्च और अप्रैल में दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय जलवायु के परिवर्तन के कारण ऐसा हो रहा है। अब पश्चिमी विक्षोभ का असर अपने आखिरी दौर में है, अप्रैल तक इसका असर रहेगा। इसी वजह से ओलावृष्टि और बारिश हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद सात और आठ अप्रैल को भी बारिश की संभावना है। मई के शुरुआत से मौसम सामान्य होने के आसार हैं।



आज से नुकसान का सर्वे करेंगी टीमें




एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रत्येक तहसील में लेखपालों और राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारियों की टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें शनिवार से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर खेतों का निरीक्षण करेंगी और हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करेंगी, जिससे प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जा सके। जल्द रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपने के लिए कहा गया है।




बारिश से गिरे खंभे, चरमराई विद्युत आपूर्ति

अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से शुक्रवार शाम बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। कुछ स्थानों पर शाम सात बजे से आठ बजे तक आपूर्ति ठप रही। गोंडा क्षेत्र में तारापुर मार्ग पर कई बिजली के खंभे टूटकर गिर गए है।

शहर की विवेक बिहार कॉलोनी, एलमपुर फीडर, असदपुर क्यामपुर, ओजोन सिटी, रामघाट रोड के कुछ इलाकों में आपूर्ति गड़बड़ा गई।इन स्थानों पर लगे 11 केवी फीडरों से आपूर्ति को सामान्य किया गया। आठ बजे तक सभी इलाकों में आपूर्ति सामान्य हो गई। इसके बाद भी कई इलाकों में बिजली का आना जाना लगा रहा।

एक्सईएन 11 केवी प्रणव गुप्ता ने बताया कि कोई बड़ा फॉल्ट नहीं हुआ है। चीफ इंजीनियर अंशुमान यादव ने बताया कि आठ से साढ़े आठ बजे तक सभी स्थानों पर आपूर्ति सामान्य हो गई। इस व्यवधान से पहले भी रसिक टॉवर, हरदुआगंज, नौरंगाबाद, पला साहिबाबाद, जमालपुर, शाहजमाल, जीटी रोड में कुछ स्थानों पर दोपहर के समय हुई बिजली कटौती से लोग गर्मी से परेशान रहे।













आज सुबह तक सर्वर रहेगा डाउन

आरएमएस बिलिंग प्रणाली के मेंटनेंस के कारण तीन अप्रैल की शाम पांच बजे से चार अप्रैल की सुबह नौ बजे तक ऑनलाइन सेवाएं बाधित रहेंगी। चीफ इंजीनियर अंशुमान यादव ने बताया कि इसकी वजह से बिल जनरेट करने, ऑनलाइन बिल देखने, बिल जमा करने, स्मार्ट मीटर रिचार्ज करने में असुविधा रहेगी।




बिजली कटने पर थाने में दी तहरीर

अलीगढ़। एडवोकेट अनूप कौशिक ने क्वार्सी थाने में तहरीर देकर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने की रिपोर्ट दर्ज करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि आठ मार्च को उन्हें फरवरी का 3185 रुपये बिल मिला। विच्छेदन तिथि 29 मार्च से पहले 17 मार्च को बिजली काट दी गई। बिना किसी सूचना के मीटर स्मार्ट कर दिया गया। 17 मार्च की शाम को उन्होंने पांच हजार रुपये, 18 मार्च को दो हजार रुपये जमा किए। 18 मार्च को बिजली जोड़ी गई। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करा कर कार्रवाई कराएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed