Hindu Gaurav Diwas: पुलिस-प्रशासन के पुख्ता इंतजाम, कमिश्नर-डीआईजी, डीएम-एसएसपी ने दिया स्पष्ट संदेश
हिंदू गौरव दिवस पर वीवीआईपी आगमन को लेकर अपने जिले के अधिकारियों के अलावा बाहर से एक आईपीएस, 2 एडिश्नल एसपी, 10 सीओ मिले हैं। वहीं अपने जिले से ही दो एएसपी, 9 सीओ, 50 इंस्पेक्टर के अलावा 1 हजार पुलिसकर्मी, एक कंपनी पीएसी, एलआइयू, अग्निशमन की टीम, वायरलेस व क्यूआरटी की टीमों को लगाया जा रहा है।
विस्तार
अलीगढ़ में हिंदू गौरव दिवस को लेकर पुलिस प्रशासनिक स्तर से भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शाम को ब्रीफ मीटिंग में साफ कहा कि सुरक्षा व यातायात से किसी तरह का समझौता न होने पाए। आयोजन स्थल को सात जोन व 23 सेक्टरों में बांटा गया है। साथ में सीसीटीवी-ड्रोन आदि से निगरानी तक के इंतजाम किए गए हैं।
आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर कमिश्नर संगीता सिंह, डीआईजी प्रभाकर चौधरी, डीएम संजीव रंजन, एसएसपी संजीव सुमन ने दिन भर मंथन किया। इस आयोजन के लिए तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। अन्य जनपदों से एक हजार से अधिक बसों के आगमन को लेकर पार्किंग व दोपहिया की अलग पार्किंग बनाई गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से नो फ्लाई जोन बनाया है। आयोजन स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। आम पब्लिक के अलावा वीआईपी दीर्घा में बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं है। एसएसपी संजीव सुमन ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यक्रम के दौरान सभी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र निषेध किए गए हैं, ऐसे में जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर गनर को साथ न लाएं।
2 हजार से ज्यादा पुलिस बल होगा तैनात
हिंदू गौरव दिवस पर वीवीआईपी आगमन को लेकर अपने जिले के अधिकारियों के अलावा बाहर से एक आईपीएस, 2 एडिश्नल एसपी, 10 सीओ मिले हैं। वहीं अपने जिले से ही दो एएसपी, 9 सीओ, 50 इंस्पेक्टर के अलावा 1 हजार पुलिसकर्मी, एक कंपनी पीएसी, एलआइयू, अग्निशमन की टीम, वायरलेस व क्यूआरटी की टीमों को लगाया जा रहा है। तैनात किए जा रहे कुल फोर्स का नियतन दो हजार से अधिक होगा।
64 डॉक्टर और 15 एंबुलेंस तैनात
पूर्व मुख्यमंत्री स्व.कल्याण सिंह की चतुर्थ पुण्य तिथि बृहस्पतिवार को मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी, दो डिप्टी सीएम और केंद्रीय मंत्रियों सहित कई प्रदेशों के मंत्री आज जिले में मौजूद रहेंगे। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने 64 डॉक्टरों की टीम और 15 एंबुलेंस तैनात की गई है। संत फिदेलिस स्कूल तालानगरी और दीनदयाल अस्पताल में सेफ हाउस बनाया गया है।
सीएमओ डॉ.नीरज त्यागी ने बताया कि वीवीआईपी के स्वास्थ्य सुरक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। आठ टीमें लगाई गईं है। जिसमें एक फिजीशियन, एमबीबीएस डॉक्टर, पैथोलॉजिस्ट, सर्जन, एनेस्थेटिक्स, फार्मासिस्ट की तैनाती होगी। सीएम और दोनों डिप्टी सीएम की फ्लीट, अलीगढ़ एयरपोर्ट, तालानगरी हैलीपैड, सर्किट हाउस, संत फिदेलिस स्कूल और दीनदयाल अस्पताल के सेफ हाउस में डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। एक टीम को रिजर्व रखा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए 15 एंबुलेंस की तैनाती की गई है। सेफ हाउस में डॉक्टरों की टीम रहेगी। दीनदयाल अस्पताल में एक ओटी को भी रिजर्व रखा गया है। एबी पॉजिटिव रक्त को भी रिजर्व रखा गया है। हापुड, कासगंज, बुलंदशहर, मथुरा और फिरोजाबाद से डॉक्टरों की टीम आई है।
वीवीआईपी तैयारी में 35 अधिकारी और 1050 सफाई कर्मियों की 80 टीमें मुस्तैद
हिंदू गौरव दिवस पर ताला नगरी में वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर नगर निगम ने अधिकारियों और कर्मचारियों की फौज उतार दी है। व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए 35 अधिकारी एवं 1050 सफाई कर्मियों की 80 टीमों को मुस्तैद हैं। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा और अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव ने बुधवार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। पंडाल, मार्ग, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित समस्त प्रबंधों को नगर आयुक्त ने परखा। मातहतों को 24 घंटे कार्यक्रम स्थल पर डटे रहने को कहा। सभी का हौसला बढ़ाते हुए अच्छे कार्य की सराहना की। वीवीआईपी कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर में डायवर्जन..रामघाट रोड पर आवाजाही रहेगी बंद
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन-ए
कानपुर-एटा की ओर से आने वाले भारी वाहन, कमालपुर कट से एटा चुंगी की ओर आने वाले भारी वाहन, आगरा चेंजर से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन, मथुरा चेंजर से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन, खेरेश्वर से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन, भांकरी से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन, सुमेरा झाल जवां से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन, अतरौली से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन, क्वार्सी से तालानगरी की ओर जाने वाले भारी वाहन, हरदुआगंज से तालानगरी की ओर आने वाले भारी वाहन, विजडम नाले से ओजोन की ओर व कमामपुर मोड़ से ओजोन की ओर सभी प्रकार के वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित।
रोडवेज-निजी बसों के लिए डायवर्जन-बी
आगरा, कानपुर, दिल्ली, मथुरा की ओर से आने वाली सभी रोडवेज, निजी व सिटी बसों का संचालन शहर के बाहर तक नए बाईपास पर होगा। अंदर नहीं आएंगी। नए बाईपास पर ही चलेंगी। रामघाट रोड पर आने वाली बसें हरदुआगंज तक आएंगी। वहीं अनूपशहर रोड वाली बसें महेशपुर फाटक तक आएंगी।
आयोजन के लिए डायवर्जन-सी
अतरौली की ओर से आयोजन में आने वाले वाहन तालानगरी कोंडरा चौराहा तक आएंगे। एटा की ओर से आयोजन में आने वाले वाहन ओजोन कट वाले बाईपास से पीएसी होकर तालानगरी तक पहुंचेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
वीवीआईपी पार्किंग-1 नंबर आयोजन स्थल पर। बाकी आम लोगों के लिए पार्किंग तालानगरी में व कलश हॉल के पास रहेगी।
व्यवस्थाएं ये भी
- वीवीआईपी आगमन के 30 मिनट पहले विजडम नाले से तालानगरी तक रामघाट रोड पर यातायात बंद।
-पूरे जिले में लोगों की आवाजाही व्यवस्थित करने के लिए 21 जगहों पर बेरियर लगवाए गए हैं।
-पूरे रामघाट रोड पर कुल पांच क्रेन भी वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए लगाई गई हैं, जो सक्रिय रहेंगी।
-एक कंटीजेंसी मार्ग धनीपुर से जीटी रोड, एटा चुंगी, कयामपुर, क्वार्सी होते हुए पीएसी तक बनाया गया है।
-पूरे आयोजन में एंबुलेंस व अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस डायवर्जन से छूट दी जाएगी।
-आयोजन में आने वाले वाहन सिर्फ तालानगरी व कलश हॉल तक पहुंच सकेंगे, उन्हें नहीं रोका जाएगा।