Aligarh News: सूबे में केमिकल उद्योग की जांच शुरू, मडराक में एसटीएफ का छापा
एसटीएफ की लखनऊ और नोएडा यूनिट की टीम ने फैक्टरी पर पहुंचकर गहन जांच की। इस दौरान जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्थानीय जिला पूर्ति विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद 6 केमिकल के नमूने भरे गए हैं।
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
फरीदाबाद में बारूदी केमिकल संकलित करने वाले मॉड्यूल का खुलासा होने के बाद प्रदेश भर का केमिकल उद्योग जांच की जद में आ गया है। इसी जांच के क्रम में एसटीएफ ने शुक्रवार शाम मडराक क्षेत्र में एक केमिकल फैक्टरी पर छापा मारा। जहां से अवैध रूप से बायो डीजल-पेट्रोल बनाने व उसकी आपूर्ति किए जाने का खुलासा हुआ है। यहां से टीम ने सप्लाई विभाग की टीम को बुलाकर नमूने भी भरवाए। इसके बाद संचालक पिता-पुत्र व नमूनों को अपने साथ ले गई।
मडराक एसएचओ अवधेश सिंह के अनुसार एसटीएफ ने फिरोजाबाद के एका क्षेत्र में अवैध बायोडीजल से भरा टैंकर पकड़ा है। उसके साथ चालक भी पकड़ा गया। वह एका में दाखिल है। उसी से हुई पूछताछ के बाद शाम करीब छह बजे टीम यहां आगरा रोड स्थित केमिकल कारोबार से जुड़ी पराग पेंट्स फैक्टरी पर पहुंची। टीम ने अंदर ही संचालक को रोक लिया। फैक्टरी बंद कर आपूर्ति विभाग की टीम भी बुला ली। करीब 9:30 बजे तक टीम अंदर जांच व पूछताछ करती रही।
एसओ के अनुसार अब तक एसटीएफ ने इतना ही बताया कि फिरोजाबाद में पकड़ा गया माल व उसके जरिये डीजल पेट्रोल बनाने में प्रयोग होने वाला केमिकल यहीं से जाता है। इसी आधार पर टीम नमूने व फैक्टरी संचालक पिता-पुत्र को अपने साथ ले गई है। इधर, एसटीएफ सूत्रों के अनुसार फरीदाबाद में विस्फोटक केमिकल मॉड्यूल के पकड़े जाने के बाद प्रदेश भर में एसटीएफ केमिकल इंडस्ट्री व उससे जुड़े कारोबार की जांच कर रही है। यह कार्रवाई उसी क्रम में हुई है। जब बायो डीजल व पेट्रोल की आपूर्ति की खबरें एसटीएफ तक पहुंची तो टीम यहां तक पहुंच गई।
एसटीएफ ने फिरोजाबाद में बायो डीजल पकड़ा है। उसे आपूर्ति मडराक क्षेत्र की केमिकल फैक्टरी से हो रही थी। इस खुलासे पर एसटीएफ यहां पहुंची है। कार्रवाई करते हुए दो लोगों को लेकर गई है।-नीरज जादौन, एसएसपी
6 केमिकल के नमूने जब्त, फैक्टरी पर डलवाया ताला
एसटीएफ की लखनऊ और नोएडा यूनिट की टीम ने फैक्टरी पर पहुंचकर गहन जांच की। इस दौरान जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्थानीय जिला पूर्ति विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद 6 केमिकल के नमूने भरे गए हैं। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने फैक्टरी से छह संदिग्ध केमिकल के नमूने भरे हैं, जिन्हें जांच के लिए एसटीएफ को सौंप दिया गया। जिन केमिकल के नमूने लिए गए हैं, उनमें मिनरल ऑयल, फ्लो ऑयल, एमटीओ , स्लोप, लेफ्था और इंडस्ट्रियल फ्यूल आदि शामिल हैं।
एसटीएफ की टीम ने फैक्टरी में बायो डीजल व पेट्रोल बनाने की जानकारी की। अंदर जांच के समय 13 बड़े टैंकरों व 8 छोटे ड्रमों में संदिग्ध केमिकल व माल मिला है। इसके बाद टीम ने फैक्टरी पर ताला डलवा दिया। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर ने बताया कि एसटीएफ के बुलावे पर विभाग की एक टीम फैक्टरी पहुंची थी। टीम ने सभी संदिग्ध केमिकल के सैंपल भरकर एसटीएफ को सौंप दिए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एसटीएफ ने अपने यहां आने और जांच के मकसद के संबंध में विभाग को कोई जानकारी नहीं दी है।