शाकाहारी खा सकते हैं अंडा, नाम बदलकर हो जाएगा पक्षी फल: राजू
रामघाट पर भावी जी घर पर हैं टीवी सीरियल के राइटर मनोज संतोषी द्वारा आयोजित देवी जागरण में शामिल होने आए मशहूर कामेडियन राजू श्रीवास्तव ने शुक्रवार शाम को रामघाट रोड के एक होटल में पत्रकार वार्ता में सरकार द्वारा शहरों की नाम बदलने वाली योजना को कई हद तक जायज ठहराया।
जबकि तंज कसते हुए यह भी कहा कि शाकाहारी लोगों के लिए खुशखबरी हैं। वह अब अंडे खा सकते हैं। क्योंकि अंडे का नाम बदलकर पक्षी फल रख दिया जाएगा। वहीं उन्होंने बताया कि गजोधर उनके ननिहाल में बाल काटने वाले नाई का नाम था।
ऐसे ही कई सारे व्यंग बाणों का प्रयोग करते हुए राजू श्रीवास्तव ने कई बातें की। उन्होंने अलीगढ़ शहर से जुड़े एएमयू के पूर्व में उठे जिन्ना प्रकरण पर कहा कि दुश्मन देश या जो देश विरोधी ताकते हैं। हमारे देश को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
यदि भारत में उनका पक्ष लिया जाता है, तरफदारी की जाती है तो वह गलत है। इससे हम सभी नाराज होंगे। उनकी वार्ता हमारे देश में नहीं होनी चाहिए। वहीं पाकिस्तान में विगत वर्षों शो रद्द करने पर बोले कि हमारे निर्दोष लोगों पर हमले होते रहते हैं।
ऐसे में वहां जाकर हसाना मुमकिन नहीं है। कामेडी की तवज्जो वाले सवाल पर कहा कि लॉफ्टर चैलेंज जीतने के बाद मुझे भी स्टेज पर लोगों ने पसंद किया। इसी के साथ स्टैंडअप कामेडी को लोग अब पसंद करने लगे हैं। नेताओं पर चुटकुले करने वाले सवाल पर कहा कि पहले नेताओं की मिमिक्री और चुटकुला कहने पर नेता और समर्थक नाराज हो जाते थे।
लेकिन अब नेताओं के समर्थक खुद चाहते हैं कि उन पर चुटकुले बनें। क्योंकि उन्हें अब कॉमेडी समझ में आने लगी है। जबकि पहले लोग इसे बेइज्जती समझते थे। चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि मैने अभी ऐसा कुछ सोचा नहीं है। उसका कारण है कि मेरे समर्थक दो हिस्सों में बंट जायेंगे। देशसेवा तो मैं दो तरीके से कर रहा हूं।
मोदी जी ने मुझे स्वच्छ भारत अभियान के नवरत्नों में शामिल किया है। इसी के साथ मुझे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से भी जोड़ा गया है। यही बड़ी जिम्मेदारियां हैं। मैं मंच पर चढ़ता हूं तो इस टापिक पर भी लोगों से वार्ता करता हूं। कपिल शर्मा के सवाल पर कहा कि उम्मीद करता हूं कि उनकी वापसी पहले से ज्यादा बेहतर होगी।
कपिल के शो को फिलहाल लिखा जा रहा है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि मेरे स्कूल के प्रधानाचार्य ने मुझे कॉमेडी के लिये प्रोत्साहित किया है। जबकि अन्य अध्यापक अपनी मिमिक्री देखकर खुद का अपमान समझते थे। इसी के साथ महेश्वरी क्रिएटिव क्लब द्वारा राजू को अलीगढ़ का ताला भेंट किया गया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से वह बेहद ही खुश हैं। क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यहां अच्छा माहौल मिला। इस मौके पर राजीव माहेश्वरी, मनीष मोहता, दीपक माहेश्वरी, रीतेश भूतड़ा, राज सक्सेना, प्रवीन माहेश्वरी और कमल माहेश्वरी आदि थे।