Aligarh: क्वार्सी चुंगी से सिविल लाइन रोड का होगा निर्माण, 25 करोड़ रुपये होंगे खर्च, दोनों तरफ बनेगा नाला
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्वार्सी, दोदपुर और सिविल लाइन इलाके के हजारों लोगों, व्यापारियों और मेडिकल जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को फायदा पहुंचेगा।
विस्तार
अलीगढ़ की क्वार्सी चुंगी से सिविल लाइन तक करीब दो किलोमीटर लंबी नई सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर कुल 25 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सड़क को मौजूदा चौड़ाई पांच मीटर से बढ़ाकर सात मीटर किया जाएगा। दिसंबर से निर्माण शुरू होगा, जो मई तक पूरा करना होगा। इससे जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
यह सड़क रामघाट रोड से एएमयू सर्किल को जोड़ती है। क्वार्सी चुंगी से शुरू होकर केला नगर चौराहा, दोदपुर, सिविल लाइन होते हुए ख्वाजा गार्डन तक सड़क का निर्माण होगा। सड़क के साथ-साथ दोनों तरफ पक्का नाला, स्ट्रीट लाइट (पथ प्रकाश), फुटपाथ और जरूरी जगहों पर पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। इससे न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि इलाके की सुंदरता भी बढ़ेगी और बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी।
टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यह काम आगरा की कंपनी मेसर्स टेवी इंफ्रा जोन प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। मुख्य अभियंता बीके सिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्वार्सी, दोदपुर और सिविल लाइन इलाके के हजारों लोगों, व्यापारियों और मेडिकल जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को फायदा पहुंचेगा।
क्वार्सी चुंगी से लेकर सिविल लाइन तक सड़क का टेंडर हो चुका है। 25 करोड़ से बनने वाली इस सड़क पर फुटपाथ से लेकर पार्किंग की भी सुविधा होगी। दिसंबर से कार्य शुरू हो जाएगा।-प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
नए साल में शहर को आधा दर्जन से अधिक नई सड़कों का तोहफा मिलेगा। इसके लिए फर्म को टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होगा।- प्रशांत सिंघल, महापौर, अलीगढ़