सरकारी गेहूं खरीद की तारीख 31 जुलाई तक बढ़ाए जाने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने हरदुआगंज मंडी में मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह और महानगर अध्यक्ष परवेज अहमद की अध्यक्षता में कांग्रेसियों ने कहा कि अगर गेहूं खरीद की आखिरी तारीख नहीं बढ़ाई गई तो जेल भरो आंदोलन किया जाएगा।
चौधरी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों पर लगातार जुल्म और जबरदस्ती कर रही है। महामारी के चलते पहले से ही किसान बर्बादी की तरफ बढ़ चला है। किसान मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खड़ा है, लेकिन उसको टोकन तक नहीं मिल पा रहा है। उसके अनाज की खरीद आधी ही हुई है। यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष गौरंग देव सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को धोखा देनेवाली भाजपा को सत्ता में रहने का हक नहीं है। महानगर अध्यक्ष परवेज अहमद ने कहा कि किसान सम्मान के नाम पर भाजपा ने किसानों को दो हजार देकर कंगाल बनाने का काम किया है। इस अवसर पर जनपद के प्रभारी बदरुद्दीन कुरैशी, मुकेश धनगर, अमित सिंह, अनवर अकील, एनएसयूआई अध्यक्ष आकाश मशीह, सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष शिवम सेनानी, अन्नू आदि मौजूद रहे।