अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय प्रवीण यादव ने नगर निगम की टीम के साथ रविवार को क्वार्सी पैठ में अलग अलग दो जगह कार्रवाई कर 50 किलो पालीथिन जब्त कराई और 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। बड़ी कार्रवाई क्वार्सी थाना क्षेत्र में पॉलीथिन सप्लायर सुभाष कुमार वार्ष्णेय के प्रष्ठिान पर हुई। जहां से 25 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त कर 25 हजार का जुर्माना वसूला गया। पॉलीथिन एटूजेड प्लांट भेज दी गई।
इसी दौरान नगर निगम की टीम के स्वच्छता निरीक्षक अहमद हसन और ऋषि पाल यादव ने पैठ में लगी ढकेलों के स्वामी से पॉलीथिन मांगी तो उन्होंने खरीदे गए सामान के साथ पालीथिन निकाल कर दे दी। इसी पर और जांच हुई तो अलग अलग ढकेलों से 25 किलो पॉलीथिन जब्त हुई। जिसको मौके से ही एटूजेड प्लांट में भिजवा कर निस्तारित कराया गया। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने बताया कि नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी घूम घूम कर ऐसे लोगों पर निगरानी रखें हुए हैं। जमालपुर सब्जी मंडी, शमशाद मार्केट, रसलगंज, बारहद्वारी, कनवरीगंज, दिल्ली गेट सेंटर प्वाइंट, स्टेशन रोड, पान दरीबा रोड आदि एरिया में किसी भी समय जांच हो सकती है। जनसामान्य नगर निगम के 7500441344 नंबर पर इसकी सूचना दे सकता है।