विजयदशमी के अवसर पर रविवार को शहर में जगह-जगह रावण के पुतले का दहन हुआ। श्रद्धालुओं ने जय श्री राम के नारे लगाए और पुतले का दहन प्रारंभ किया। सभी ने भगवान राम से कोरोना संक्रमण के समाप्त होने की प्रार्थना की।
शहर में विभिन्न कालोनी, अपार्टमेंट, गली-मोहल्लों में रावण के पुतले बनाए गए थे। रावण के दहन में बड़े बुजुर्गों ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। रामलीला मैदान के आसपास मेले जैसा माहौल रहा। यहां घूमने आ रहे लोगों ने गदा, तीर, कमान आदि की खरीदारी भी की। हालांकि रामलीला मंचन न होने से लोग मायूस भी दिखे। वहीं दहन के बाद लोगों ने रावण की हड्डी (बांस की लकड़ी) को एकत्र किया और अपने घरों को रवाना हो गए।