Aligarh: जिले के एक करोड़ से ऊपर के 54 प्रोजेक्टों की निगरानी करेगा शासन, समय से पूरे होंगे प्रोजेक्ट
शासन स्तर से सीधी निगरानी का मतलब है कि इन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट अब स्थानीय स्तर के बजाय सीधे उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और किसी भी तरह की देरी या अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी।
विस्तार
अलीगढ़ जनपद में चल रहे सभी एक करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट की निगरानी अब सीधे शासन स्तर से की जाएगी। इस निर्णय के बाद, अलीगढ़ में चल रहे 54 प्रमुख विकास कार्य सीधे राज्य मुख्यालय की निगरानी में आ गए हैं।
जिले में चल रहे इन विकास कार्यों में कई ऐसे प्रोजेक्ट शामिल हैं जिनकी लागत 100 करोड़ रुपये तक या उससे भी अधिक है। इन परियोजनाओं की निगरानी शासन स्तर से होने के कारण इनकी गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
शासन स्तर से सीधी निगरानी का मतलब है कि इन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट अब स्थानीय स्तर के बजाय सीधे उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और किसी भी तरह की देरी या अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी। इस पहल से अलीगढ़ में चल रहे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने में मदद मिलने की संभावना है।
एक करोड़ रुपये से ऊपर के सभी कामों की निगरानी शासन स्तर से होगी। इससे निर्माण गुणवत्ता के साथ और समय सीमा के भीतर पूरे होंगे। काम करने वाली एजेंसी भी समझ सकेगी कि शासन स्तर से निगरानी हो रही है, इसलिए काम ठीक से किया जाए। - प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
वीसी के जरिए प्रशिक्षण दिया गया
एक करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की निगरानी के संबंध में सोमवार को शासन स्तर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों और स्टाफ को प्रशिक्षण भी दिया गया। नगर निगम निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता वीके सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के सचिव सुरेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण दिया है। इसमें कहा है कि निर्माण कार्यों की सूचनाएं सही समय पर भरें, इस संबंध में बताया गया।
जिले में चल रहे कुछ बड़े प्रोजेक्ट और उनकी कीमत
- 1361 करोड़ रुपये से अलीगढ़-पलवल नेशनल हाईवे का निर्माण
- 750 करोड़ रुपये की लागत से ग्रेटर अलीगढ़ प्रोजेक्ट
- 650 करोड़ रुपये से टप्पल क्षेत्र में हरियाणा और यूपी को जोड़ने वाला पुल बन रहा है।
- 450 करोड़ रुपये से रामघाट कल्याण मार्ग का निर्माण
- 350 करोड़ रुपये रामघाट रोड पर एलीवेटेड रोड का निर्माण
- 130 करोड़ रुपये से सीएम ग्रिड योजना से हो रहे शहर में सात कार्य
- 71 करोड़ रुपये से क्वार्सी चौराहे पर बन रहा फ्लाई ओवर
- 80 करोड़ रुपये से नादा पुल पर बनने वाला फ्लाई ओवर
- 72 करोड़ रुपये से जिला अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट
- 55 करोड़ रुपये से एटा चुंगी पर बन रहा फ्लाई ओवर