मीट व्यापारियों से मारपीट: संसद में उठेगा मामला, सपा-एआईएमआईएम प्रतिनिधि मंडल ने जाना घायलों का हाल
अखिल भारत हिंदू महासभा ने मीट कारोबारी के साथ हुई मारपीट की घटना को प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा बताया है। महासभा का आरोप है कि पुलिस और जिला प्रशासन की शह पर मानकों के विपरीत मीट फैक्टरियां संचालित हो रही हैं। इसके चलते ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
विस्तार
अलीगढ़ के हरदुआगंज स्थित अलहदादपुर क्षेत्र में मीट व्यापारियों पर हमले की घटना में सियासी आवाजाही थम नहीं रही है। 28 मई को सपा व एआईएमआईएम के प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश स्तर के नेता पहुंचे। उन्होंने घायलों से पूरा घटनाक्रम सुनने के बाद कहा कि प्रदेश में अराजकता का आलम है। इस मुद्दे को संसद में पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
दोपहर में सबसे पहले सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल मेडिकल कॉलेज पहुंचा। इसमें सपा अल्पसंख्यक सभा प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी, यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुमैय्या राना, जिला अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, अज्जू इस्हाक़, जिला महासचिव मनोज यादव शामिल रहे। सभी ने सबसे पहले घायलों व उनके परिजनों से वार्ता की। उनके स्वास्थ्य आदि के संबंध में बातचीत की।
रामजीलाल सुमन ने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौपेंगे। मुद्दे को सपा विधानसभा व लोकसभा में उठाएगी। अंत में सभी नेताओं ने चिकित्सकों से बात की। साथ में यह एलान किया कि अगर सभी आरोपियों को जल्द जेल न भेजा गया तो पार्टी सड़क से संसद तक आंदोलन करेगी। मौके पर आमिर आबिद, सलामुद्दीन अब्बासी, जिब्रान ख्वाजा, रंजीत चौधरी, संजय शर्मा, रवि सैनी, शहजाद अल्वी, अनीस क़ुरैशी आदि मौजूद रहे।
इधर, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी का 15 प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों एक प्रतिनिधि मंडल मेडिकल कॉलेज घायलों से मिलने पहुंचा। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली की अगुवाई में आए प्रतिनिधि मंडल ने घायलों व परिजनों से वार्ता के बाद कहा कि पार्टी मुद्दे को संसद में उठाएगी। कहा-इस तरह की घटनाएं न रुकीं तो सर्वाधिक कर देने वाला मीट कारोबार थम जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल एसपी देहात से भी मिला। जहां ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष यामीन खान अब्बासी, महानगर अध्यक्ष बुन्दूखां, नत्थू खान, मो. हफीज, युवा जिला अध्यक्ष पहलवान दानिश कुरैशी आदि थे।
प्रशासन की लापरवाही से हुई मीट कारोबारी से मारपीट की घटना
अखिल भारत हिंदू महासभा ने मीट कारोबारी के साथ हुई मारपीट की घटना को प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा बताया है। महासभा का आरोप है कि पुलिस और जिला प्रशासन की शह पर मानकों के विपरीत मीट फैक्टरियां संचालित हो रही हैं। इसके चलते ऐसी घटनाएं हो रही हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
अखिल भारत हिंदू महासभा के युवा संयोजक जतिन गुप्ता ने कहा कि जो कुछ भी हुआ वह पुलिस की मौजूदगी में हुआ। अभी तक कट्टी घर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर एकतरफा कार्रवाई हुई तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। मौके पर हरिशंकर शर्मा, अनिल वर्मा, गजेंद्र पाल सिंह आर्य, नकुल वार्ष्णेय, निर्मल गुप्ता आदि मौजूद थे।
भीड़ अंदर घुसने पर बिफरे सांसद
सपा प्रतिनिधि मंडल के मेडिकल कॉलेज में पहुंचने पर वार्ड में भीड़ अधिक घुसने स्थिति बिगडऩे लगी। वहां धक्कामुक्की के हालात बन गए। इस पर काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर किया जाने लगा। मगर भीड़ नहीं हटी तो खुद सांसद रामजीलाल सुमन बिफर गए। उन्होंने लोगों को डपटकर बाहर किया। तब स्थिति सामान्य हुई।
कार्यकर्ता-कैमरामैन में हुआ विवाद
मेडिकल कॉलेज में सपा प्रतिनिधि मंडल के पहुंचने पर एक कैमरामैन व एक सपा कार्यकर्ता में विवाद हो गया। बताया गया है कि उनमें पहले से किसी बात पर खुन्नस रही। इसी बीच बुधवार को वहां आमना सामना होने पर फिर किसी बात पर बहस हो गई। इसके बाद वहां दोनों में विवाद हो गया। जिसे बाद में पार्टी नेताओं व पुलिसकर्मियों ने शांत कराया।