{"_id":"64ea2af32a1cc188ad0018c6","slug":"inspector-caught-red-handed-taking-ten-thousand-bribe-2023-08-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh: दस हजार रिश्वत लेते दरोगा रंगेहाथ गिरफ्तार, एसएसपी ने किया निलंबित, मुकदमा दर्ज, यह है मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh: दस हजार रिश्वत लेते दरोगा रंगेहाथ गिरफ्तार, एसएसपी ने किया निलंबित, मुकदमा दर्ज, यह है मामला
Sat, 26 Aug 2023 10:10 PM IST
चमन शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: चमन शर्मा
Updated Sat, 26 Aug 2023 10:10 PM IST
सार
इंस्पेक्टर एंटी करप्शन देवेंद्र सिंह के अनुसार राम बिरेश के खिलाफ उनकी आगरा टीम के इंस्पेक्टर राजकिशोर की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल रामबिरेश को सिविल लाइंस में रखा गया है। अब रविवार को मेरठ कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं जेल दाखिल किया जाएगा। इधर, पुलिस प्रवक्ता ने इस मामले में दरोगा को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है।
विज्ञापन
पकड़ा गया दरोगा रामबिरेश यादव
- फोटो : संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ शहर के गांधीपार्क थाने में तैनात दरोगा रामबिरेश यादव को एंटी करप्शन थाना यूनिट ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दरोगा को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अब रविवार को मेरठ स्थित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा जाएगा। इधर, यह जानकारी मिलते ही एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
हुआ यूं कि भोपतपुर गडराना के विक्रम सिंह उर्फ विकास ने गांधीपार्क थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। कमालपुर चौराहा स्थित न्यू गुरु गोरखनाथ अस्पताल के संचालक विक्रम का मुकदमे में कहना था कि उसने गांधीपार्क क्षेत्र के एक युवक के भाई को दो लाख 20 हजार रुपये दिए थे। युवक ने रुपये लौटाने का वादा किया था। मगर नियत समय पर रुपये वापस नहीं किए। इसी दौरान 13 जून को उनके अस्पताल में रामायण पाठ के बाद प्रसाद बंट रहा था।
विज्ञापन
तभी आरोपी युवक व उसके भाई ने उसके साथ मारपीट करते हुए अस्पताल के शीशे तक तोड़ दिए। साथ में अस्पताल खाली कराने की धमकी दी। इस झगड़े में उसके गले की चेन व अंगूठी गिर गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अमानत में खयानत, मारपीट, धमकी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जिसकी विवेचना थाने में तैनात दारोगा रामबिरेश यादव को मिली। आरोप है कि विवेचक दरोगा रामबिरेश ने मुकदमे में से अमानत में खयानत की धारा हटाने के नाम पर आरोपी पक्ष से 10 हजार रुपये मांगे गए। बात न मानने पर धारा बिना हटाए जेल भेजने की धमकी दे दी।
विज्ञापन
इस मामले में जब तमाम प्रयास के बाद भी दरोगा नहीं माने तो युवक ने छेरत स्थित एंटी करप्शन थाना पुलिस से संपर्क किया। बस एंटी करप्शन यूनिट ने आगरा से भी इंस्पेक्टर को बुला लिया और प्लानिंग के तहत युवक को दस हजार रुपये लेकर दरोगा के पास सांगवान सिटी भेजा। चूंकि दरोगा किराये पर वहीं रहते हैं। इसलिए बातचीत में दरोगा ने ही उसे वहां बुलाया। शनिवार दोपहर दो बजे घर के दरवाजे पर दरोगा ने युवक के हाथों से रुपये पकड़ लिए और पीछे से रैकी कर रही एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। बाद में उन्हें सिविल लाइंस लाया गया।
इंस्पेक्टर एंटी करप्शन देवेंद्र सिंह के अनुसार राम बिरेश के खिलाफ उनकी आगरा टीम के इंस्पेक्टर राजकिशोर की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल रामबिरेश को सिविल लाइंस में रखा गया है। अब रविवार को मेरठ कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं जेल दाखिल किया जाएगा। इधर, पुलिस प्रवक्ता ने इस मामले में दरोगा को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है।
एंटी करप्शन थाने की रेंज में दूसरी कार्रवाई
एंटी करप्शन थाना जिले में हाल ही में खुला है। रेंज स्तरीय थाने की यह दूसरी कार्रवाई है। अब से पहले एटा में एक कार्रवाई की थी। इसके बाद अब यह दूसरी कार्रवाई की है। वैसे एंटी करप्शन यूनिट जिले में आगरा से कार्रवाई करती रही है।