{"_id":"692a100dfb4043d58b0bb4ef","slug":"ias-pcs-training-centre-remains-unopened-even-after-five-months-youths-making-rounds-aligarh-news-c-2-gur1004-848715-2025-11-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh: पांच माह बाद भी नहीं खुला आईएएस-पीसीएस प्रशिक्षण केंद्र का ताला, डीएम से सांसद तक चक्कर काट रहे युवक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh: पांच माह बाद भी नहीं खुला आईएएस-पीसीएस प्रशिक्षण केंद्र का ताला, डीएम से सांसद तक चक्कर काट रहे युवक
Sat, 29 Nov 2025 02:41 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sat, 29 Nov 2025 02:41 AM IST
सार
आईएएस व पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र पिछले पांच माह से बंद पड़ा है। जुलाई से शुरू होनी वाली कक्षाएं आज तक प्रारंभ नहीं हुईं। जिससे चयनित अभ्यर्थी परेशान हैं।
विज्ञापन
समाज कल्याण विभाग के दफ्तर के बाहर विरोध हंगामा करते आईएस-पीसीएस के अभ्यर्थी
- फोटो : संवाद
विस्तार
अलीगढ़-आगरा रोड पर मुकुंदपुर में स्थित आईएएस-पीसीएस प्रशिक्षण केंद्र पर ताला लगा होने से तैयारी के लिए चयनित हुए युवाओं ने विकास भवन में स्थित समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के बाहर हंगामा किया। नाराज अभ्यर्थियों ने कहा कि केंद्र पर पांच माह से ताला लटका है। जिसे खुलवाने के लिए विभाग से लेकर डीएम और सांसद कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। मगर सिर्फ तारीख मिल रही है।
विज्ञापन
समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित डॉ. भीमराव आंबेडकर आईएएस व पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र पिछले पांच माह से बंद पड़ा है। जुलाई से शुरू होनी वाली कक्षाएं आज तक प्रारंभ नहीं हुईं। जिससे चयनित अभ्यर्थी परेशान हैं। वर्ष 2025 के लिए 31 मार्च तक आवेदन प्राप्त किए गए थे।
विज्ञापन
27 अप्रैल को परीक्षा हुई और 15 मई को परिणाम आया। जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से अनुसूचित जाति के 100 अभ्यर्थियों को अलीगढ़ प्रशिक्षण केंद्र आवंटित हुआ। सरकारी निर्देशानुसार कक्षाएं एक जुलाई से प्रारंभ होनी थीं। प्रदेश के कई अन्य जिलों में कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन अलीगढ़ में प्रशिक्षण केंद्र का गेट तक नहीं खुला। चयनित अभ्यर्थी पिछले पांच माह से लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
विज्ञापन
प्रशिक्षक केंद्र प्रभारी बिना किसी ठोस कारण के केंद्र खोलने में टालमटोल कर रहे हैं। अभ्यर्थी राहुल कुमार, योगेश और मोहित ने बताया कि सांसद के हस्तक्षेप के बावजूद विभाग केवल तारीखें देता रहा और आज फिर एक तारीख मिली है। इस मौके पर बृजेश, सौरभ, अंकित व यशपाल आदि मौजूद रहे। प्रशिक्षण केंद्र प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र दो साल से बंद था। वर्तमान में मरम्मत कार्य चल रहा है। जिसके कारण समस्या आ रही है। इस बारे में उप निदेशक समाज कल्याण नागेंद्र पाल सिंह को फोन किया गया, मगर उन्होंने फोन नहीं उठाया।
आईएएस-पीसीएस प्रशिक्षण केंद्र में मरम्मत का कार्य चलने के कारण अभी छात्रों की पढ़ाई नहीं शुरू हो पाई है। इसके नोडल अधिकारी उप निदेशक होते हैं। ऐसे में पूरी जानकारी वहीं दे पाएंगे। -विनीत मलिक, समाज कल्याण अधिकारी