Agnipath Scheme: दिल्ली चलो के नारे ने अलीगढ़ पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ाई, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने पर पांच मुकदमे दर्ज
अग्निपथ योजना को लेकर देशभर के युवा सड़कों पर जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। टप्पल में शुक्रवार को हुए बवाल के बाद शांति है। लेकिन इस बीच 20 जून को दिल्ली चलो के नारे के साथ सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। पुलिस ने एक्शन मोड में आते हुए भड़काऊ पोस्ट करने पर पांच मुकदमे दर्ज किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अग्निपथ योजना के विरोध में टप्पल में शुक्रवार को हुए बवाल के बाद बेशक शांति है। मगर अब सोमवार को दिल्ली चलो के नारे ने पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ा रखी है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की व अन्य भड़काऊ पोस्ट वायरल हो रही हैं, जिसको लेकर जिले भर में पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पिछले दो दिन से 20 जून को दिल्ली चलो का संदेश वायरल हो रहा है। पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा लगातार सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुपों की निगरानी की जा रही है। कई ग्रुपों में व पोस्ट में भड़काऊ संदेश पाए गए हैं। इसे लेकर पांच मुकदमे सोशल मीडिया के दुरुपयोग में इगलास, मडराक, गोंडा, खैर व लोधा में दर्ज कराए गए हैं। इनके आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास चल रहा है। वहीं, दिल्ली कूच को लेकर रविवार आधी रात से सभी हाईवे, लिंक मार्ग व रेलवे यातायात पर विशेष निगरानी है।
इसी कड़ी में टप्पल व गभाना पर दिन में एसएसपी ने जरूरी निर्देश दिए हैं। रात्रि में विशेष पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। किसी भी गतिविधि पर सख्ती से निपटा जाएगा। साथ में सुबह खेरेश्वर चौराहे पर विशेष चौकसी के निर्देश हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि दिल्ली चलो के संदेश को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी बरती जा रही है। जो लोग व्हाट्सएप ग्रुप पर संदेश प्रसारित कर रहे हैं, उनमें से कुछ हिरासत में लिए गए हैं। कुछ ग्रुप एडमिन भी गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस की दबिश से दहशत में लोग, रंजिशन नाम लिए जाने का आरोप
टप्पल, जट्टारी में हुए उपद्रव के बाद पुलिस लगातार पहचान के आधार पर धरपकड़ में लगी है। इतना ही नहीं जट्टारी, टप्पल आने वाले सभी युवाओं से आधार कार्ड देखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की दबिश से लोग इस कदर दहशत में हैं कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचते हुए अपने बच्चों को बाहर भेज दिया है। इस बीच कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि गांव-गांव रंजिशन बच्चों के नाम लिए जा रहे हैं। उनको जबरन फंसाया जा रहा है। इसे लेकर पीड़ित लोग अपने अपने स्तर से सिफारिश लगा रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने की शांति की अपील
टप्पल से जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता कृष्णपाल सिंह उर्फ लाला प्रधान ने युवाओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। इससे न सिर्फ युवाओं को देश सेवा का मौका मिलेगा, बल्कि 4 वर्ष बाद घर लौटने वाले युवाओं को सरकारी नौकरी में लाभ व खुद का व्यापार करने के लिए एक अच्छी धनराशि भी मिलेगी। वह किसी के बहकावे में न आएं और योजना को समझने की बाद ही अपने बात संविधान के दायरें में रहकर रखें। कानून हाथ में न लें। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि कुछ आपसी रंजिश में प्रशासन का सहयोग करने के नाम पर युवाओं के नाम लिखा रहे हैं। ऐसे में लाला प्रधान ने प्रशासन से अपील की है कि वह किसी के कहने पर नहीं बल्कि फोटो वीडियो के आधार पर ही पहचान करके उनकी गिरफ्तारी करें। किसी को भी निर्दोश न फंसाया जाए। वहीं जिला पंचायत सदस्य योगेश प्रधान ने भी युवाओं से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।
बसों में तोड़फोड़ करने पर 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अग्निपथ योजना को लेकर प्रदर्शन के दौरान रोडवेज बसों में तोड़फोड़ करने पर 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज कराते हुए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके शुक्ला ने बताया कि मैनपुरी डिपो, एटा डिपो और खुर्जा डिपो की बसों में प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की थी। संवाद