सहकारी समिति पर खाद लेने पहुंचे किसानों ने सोमवार को खाद न मिलने पर जमकर हंगामा करते हुए अलीगढ़-मथुरा रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम अनिल कुमार कटियार, सीओ अशोक कुमार सिंह कोतवाल रवींद्र कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
किसानों का कहना है कि कई दिनों से खाद के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। खेत फसल बुवाई के लिए तैयार है। सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बाद खाद नहीं मिल रही है। कुछ लोगों को ब्लैक में खाद बेचा जा रहा है। रात में खाद का उठान कर दिया जाता है। जो किसान लाइन में लग रहे हैं, उन्हें दो से पांच बोरे ही दिए जाते हैं। एसडीएम ने सचिव को मौके पर बुलाकर खाद वितरण शुरू कराया। शाम तक खाद लेने के लिए लाइन लगी हुई थी। वहीं, हंगामा व आधा घंटे तक लगे जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोगों को अपने गंतव्य तक जाने में परेशानी हुई। एसडीएम ने बताया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाएगा। जो लोग खाद का स्टॉक कर रहे हैं, अधिक कीमत में खाद की बिक्री कर रहे हैं। उनकी जांच कर कार्रवाई की जा रही है।