फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Tesla Unveils Flying Roadster SpaceX Rocket Tech Specs Price & FAA Approval Rules Top Speed explainer

एक्सप्लेनर: अंतरिक्ष पहुंचाने वाले रॉकेट की तकनीक से बनी टेस्ला की फ्लाइंग कार, खास तकनीक को मंजूरी तक मुश्किल

Sun, 18 Oct 2026 08:32 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Sun, 18 Oct 2026 08:32 AM IST
सार

टेस्ला ने स्पेसएक्स थ्रस्टर्स के साथ नई रोडस्टर का अनावरण किया, जो हवा में फ्लिप कर उड़ान भरते हुए जमीन पर लौट सकती है। जानिए 0-100 किमी/घंटे की स्पीड, तकनीक, कीमत और 2028 लॉन्च की पूरी जानकारी।

विज्ञापन
Tesla Unveils Flying Roadster SpaceX Rocket Tech Specs Price & FAA Approval Rules Top Speed explainer
टेस्ला की फ्लाइंग कार। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने शुक्रवार को अपनी पहली फ्लाइंग कार कही जा रही- 'रोडस्टर' के टेस्ट वर्जन को दुनिया के सामने पेश किया। टेक्सास में एक खास कार्यक्रम के दौरान मस्क खुद मौजूद रहे और इस दौरान रोडस्टर की जमीन से कुछ ऊंचाई तक उड़ने और कलाबाजियों की तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया गया। टेस्ला ने इस तकनीक और इसकी लॉन्च से जुड़े कई खुलासे किए, लेकिन रोडस्टर के बारे में कई बातें अभी भी सामने नहीं आई हैं। 
विज्ञापन


आइये जानते हैं कि टेस्ला की पहली उड़ने वाली कार को लेकर टेक्सास में रखे गए विशेष कार्यक्रम में क्या-क्या खुलासे किए गए हैं? कौन सी बातों को इवेंट के दौरान नहीं बताया गया? यह कार कौन सी तकनीक से उड़ान भरती है और कितनी ऊंची जा सकती है? इसकी लॉन्चिंग के बारे में क्या सामने आया है? इसकी कीमत क्या हो सकती है? इसके अलावा फ्लाइंग कार की मंजूरी को लेकर कहां पेच अटकने की आशंका है? क्या टेस्ला की फ्लाइंग कार दुनिया की पही फ्लाइंग कार होगी? आइये जानते हैं...
विज्ञापन
Trending Videos

पहले जानें- टेक्सास में कार्यक्रम में टेस्ला रोडस्टर को लेकर क्या बताया गया?

टेक्सास के मैकग्रेगर स्थित स्पेसएक्स की रॉकेट टेस्ट फैसिलिटी में आयोजित कार्यक्रम में टेस्ला रोडस्टर की नई पीढ़ी का अनावरण किया गया। इस लाइव-स्ट्रीम कार्यक्रम के दौरान कार की क्षमताओं और तकनीकी विशेषताओं के बारे में कई खुलासे किए गए।

1. उड़ान और कलाबाजियों की क्षमता
  • प्रदर्शन के दौरान बिना ड्राइवर वाली रोडस्टर एक बड़े घुमावदार रैंप पर चढ़कर उल्टी चली और फिर हवा में छलांग लगा कर उड़ती दिखाई दी। 
  • हवा में 180-डिग्री का फ्लिप करने के बाद कार थ्रस्टर्स की मदद से सुरक्षित रूप से जमीन पर उतरी। किसी हादसे से बचने के लिए इसमें इंसानी ड्राइवर नहीं रखा गया।

2. रफ्तार और प्रदर्शन
  • कार एक सेकंड से भी कम समय में (प्रदर्शन में 0.81 सेकंड) 0 से 60 मील प्रतिघंटे (96 किमी प्रतिघंटे) की रफ्तार पकड़ सकती है।
  • इसकी टॉप स्पीड 230 मील प्रतिघंटा (370 किमी/घंटा) से ज्यादा बताई गई है। यानी यह एक रेसिंग कार के बराबर ताकतवर होगी।
  • इसमें 1,341 हॉर्सपावर (एक मेगावॉट से अधिक) पावर है और इसे एक फुल चार्ज में 300 मील (करीब 483 किमी) तक चलाने की क्षमता होगी।

ये भी पढ़ें: टेस्ला: हवा में छलांग, आसमान में चक्कर और सेफ लैंडिंग, जानें फ्लाइंग सुपरकार में कौन सी तकनीक का हुआ इस्तेमाल
विज्ञापन

Tesla Unveils Flying Roadster SpaceX Rocket Tech Specs Price & FAA Approval Rules Top Speed explainer
टेस्ला की रोडस्टर कार। - फोटो : अमर उजाला
3. उत्पादन, वेरिएंट्स और भविष्य की योजनाएं
  • टेस्ला के मुताबिक, इसका उत्पादन 2028 में शुरू होने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, आम लोगों के हाथों में यह कब तक आएगी, यह अभी तय नहीं है।
  • मस्क के मुताबिक, भविष्य में यह टेस्ला की एकमात्र ऐसी कार होगी जिसे इंसान खुद चलाएगा, जबकि अन्य सभी मॉडल स्वचालित होंगे।
  • कार के तीन वैरिएंट्स बताए गए हैं- परफॉर्मेंस, थ्रस्ट (थ्रस्टर्स के साथ) और रॉकेट। रॉकेट वर्जन सिर्फ विशेष निमंत्रण पर उपलब्ध होगा।


टेस्ला की फ्लाइंग कार की किन बातों का अभी नहीं हुआ खुलासा?

टेक्सास में आयोजित इवेंट के दौरान टेस्ला रोडस्टर की क्षमताओं का भव्य प्रदर्शन किया गया, लेकिन कई महत्वपूर्ण तकनीकी, व्यावसायिक और विनियामक विवरणों को नहीं दर्शाया गया या स्पष्ट नहीं किया गया।
विज्ञापन

  • टेस्ला ने प्रदर्शन के दौरान कार की तय की गई सटीक ऊंचाई, दूरी या हवा में रहने की अवधि के आंकड़े जारी नहीं किए। इवेंट में केवल थ्रस्टर्स के जरिए एक स्टंट दिखाया गया, न कि लगातार उड़ने की क्षमता।
  • बुकिंग के लिए एडवांस डिपॉजिट की राशि उनके वर्जन के हिसाब से 50,000 और 2,50,000 डॉलर (47.5 लाख रुपये से 2.40 करोड़ रुपये के बराबर) बताई गई, लेकिन कार की अंतिम कुल बिक्री कीमत का खुलासा नहीं किया गया।
  • आम सड़कों पर कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स का इस्तेमाल कानूनी होगा या नहीं, इसे स्पष्ट नहीं किया गया। एलन मस्क ने खुद कहा कि वे निश्चित नहीं हैं कि यह सभी क्षेत्रों में वैध होगी या नहीं। 
  • प्रदर्शन के दौरान गाड़ी की खिड़कियों पर ब्लैक-आउट शीशे लगे थे, जिससे गाड़ी के अंदर का इंटीरियर और केबिन का अंतिम डिजाइन दिखाई नहीं दे रहा था। कंपनी ने भी इसकी तस्वीरें जारी नहीं कीं।
  • चीन और भारत जैसे बाजारों में बुकिंग की सुविधा दी गई है। हालांकि, इन देशों में स्थानीय कानूनी मंजूरियों या सटीक डिलीवरी समयसीमा पर भी कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं रखा गया है। 

क्या है स्पेसएक्स की वह तकनीक, जिसे मस्क ने टेस्ला में इस्तेमाल किया?

टेस्ला रोडस्टर की हवा में उठने और पैंतरेबाजी करने की क्षमता टेस्ला और एलन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स के संयुक्त सहयोग से विकसित तकनीक पर आधारित है। आइये जानते हैं कैसे कार उड़ान भरती है। 

1. कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स  
यह कार पारंपरिक रॉकेट ईंधन जलाने के बजाय कोल्ड-गैस थ्रस्टर सिस्टम का इस्तेमाल करती है। इसमें अत्यधिक दबाव वाली कंप्रेस्ड नाइट्रोजन गैस को थ्रस्टर नोजल से तेजी से बाहर निकाला जाता है, जिससे मिलने वाला बल गाड़ी को हवा में उठाता और नियंत्रित करता है।

2. 600 लीटर के हाई-प्रेशर टैंक 
गाड़ी में कंप्रेस्ड नाइट्रोजन गैस को स्टोर करने के लिए कुल 600 लीटर क्षमता वाले कार्बन-ओवररैप्ड प्रेशर वेसल्स (सीओपीवी) लगाए गए हैं, जो 10,000 पीएसआई (पाउंड प्रति वर्ग इंच) तक का अत्यधिक दबाव संभाल सकते हैं।

3. 10 नोजल्स का सिस्टम 
गाड़ी के चारों तरफ (कोनों पर और आगे) कुल 10 थ्रस्टर नोजल्स दिए गए हैं। ये थ्रस्टर्स कार को हवा में उठाने, दिशा बदलने, 180-डिग्री रोल करने और लैंडिंग के समय नीचे उतरने की गति को नियंत्रित करने का काम करते हैं।

ये भी पढ़ें: सड़कों से आसमान तक का सफर: कर्टिस के 'ऑटोप्लेन' से टेस्ला रोडस्टर तक, कब-कब बनाई गई उड़ने वाली कार?

Tesla Unveils Flying Roadster SpaceX Rocket Tech Specs Price & FAA Approval Rules Top Speed explainer
टेस्ला रोडस्टर के पीछे की तकनीक - फोटो : amarujala.com
4. फाइटर जेट के बराबर ताकत वाले थ्रस्टर्स
टेस्ला की कार के पीछे लगे रियर थ्रस्टर्स 80 किलोन्यूटन (80 kN) का थ्रस्ट पैदा करते हैं, जो एक दसौ फैल्कन 10एक्स (Dassault Falcon 10X) फाइटर जेट इंजन की शक्ति के बराबर है। इसी शक्तिशाली थ्रस्ट की मदद से यह कार एक सेकंड से भी कम समय (0.81 सेकंड) में 96 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।

5. कार के ढांचे के नीचे लगा चिपकाने वाला सिस्टम 
हवा में छलांग लगाने से पहले रैंप पर अत्यधिक ग्रिप और डाउनफोर्स बनाने के लिए कार के नीचे चार 20-किलोवाट के पंखे और ड्रॉप-डाउन स्कर्ट्स का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक गाड़ी को जमीन या मुड़े हुए रैंप से चिपकाए रखती है, जिससे कार उल्टी भी चल पाती है।
 

फ्लाइंग कार को उड़ान की मंजूरी, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कहां आएंगी मुश्किलें?

टेस्ला रोडस्टर जैसी उड़ने वाली या थ्रस्टर तकनीक वाली कार को व्यावसायिक रूप से सड़कों और आसमान में उतारने के लिए कई कानूनी और नियामक पेच अटकने की आशंका है। दरअसल, सड़कों पर चलने वाहनों के लिए अलग-अलग देशों के सड़क परिवहन विभाग, जबकि आसमान में उड़ान भरने वाले एयरक्राफ्ट के लिए एविएशन अथॉरिटी (विमानन प्राधिकरण) जिम्मेदार होते हैं। हालांकि, टेस्ला की कार के मसले पर यह एक बड़ा पेच हो सकता है। 

1. क्षेत्राधिकार की अस्पष्टता
  • अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने स्पष्ट किया है कि यह कार मुख्यतः सड़क पर चलने के लिए बनाई गई है। इसलिए यह विमान की परिभाषा में नहीं आती और एफएए इसे उड़ान की मंजूरी नहीं देगा।
  • सड़क वाहन होने की वजह से टेस्ला की कार सड़क परिवहन विभाग के नियमों के दायरे में आनी चाहिए, लेकिन इसके हवा में उड़ान भरने का लाइसेंस कौन देगा, इसे लेकर क्षेत्राधिकार का पेच फंस सकता है।

2. आम सड़कों पर वैधता और रॉकेट वेरिएंट पर सवाल
  • एलन मस्क ने खुद स्वीकार किया कि वे निश्चित रूप से नहीं कह सकते कि यह कार सभी देशों के कानूनी क्षेत्रों में वैध होगी या नहीं।
  • टेस्ला की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इसका फुल-फ्लाइट सिस्टम वाला रॉकेट वेरिएंट सार्वजनिक सड़कों पर चलाने के लिए स्वीकृत नहीं है।

3. थ्रस्टर्स और सुरक्षा संबंधी चिंताएं
  • सड़क सुरक्षा संगठनों और परिवहन विभागों ने 370 किमी प्रतिघंटा की अत्यधिक गति और 10,000 पीएसआई दबाव वाले कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स के आम ट्रैफिक में इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताएं उठाई हैं।
  • सार्वजनिक सड़कों पर अचानक थ्रस्टर चलने या गैस टैंक में तकनीकी खराबी आने से हादसों का जोखिम माना जा रहा है, ऐसे में इसके सुरक्षा मानकों की जांच और उसकी मंजूरी भी अहम मुद्दा बन सकता है।

Tesla Unveils Flying Roadster SpaceX Rocket Tech Specs Price & FAA Approval Rules Top Speed explainer
टेस्ला रोडस्टर - फोटो : tesla.com
4. लाइसेंसिंग और बीमा का पेच
  • टेस्ला की इस कार को लेकर एक दुविधा की स्थिति इसके थ्रस्टर्स और हवाई उड़ान लेकर है। इस खास तकनीक के लिए साधारण ड्राइविंग लाइसेंस काफी होगा या विशेष ट्रेनिंग व पायलट लाइसेंस की जरूरत होगी, यह तय नहीं है।
  • सामान्य मोटर बीमा आमतौर पर सड़क पर हुए हादसों को कवर करता है। ऐसे में एक कौतूहल हवा में किए जाने वाले स्टंट या थ्रस्टर से होने वाले नुकसान को कवर करने पर है। इससे इंश्योरेंस क्लेम मिलेगा या नहीं, इस पर भी पेच है।

5. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्थानीय नियम 
चीन और भारत जैसे बाजारों में बुकिंग शुरू की गई है, लेकिन टेस्ला ने साफ किया है कि डिलीवरी पूरी तरह से स्थानीय देशों के मोटर वाहन विभाग और क्षेत्रीय नियमों की मंजूरी मिलने पर ही निर्भर करेगी।
 

क्या टेस्ला की फ्लाइंग कार दुनिया की पहली उड़ने वाली कार होगी?

नहीं, टेस्ला की रोडस्टर दुनिया की पहली उड़ने वाली कार नहीं होगी। इसका पहला प्रोटोटाइप 1917 में ही पेश हो चुका है। तब विमानन क्षेत्र में काम करने वाले ग्लेन कर्टिस ने दुनिया को इसका शुरुआती स्वरूप दिखाया था। हालांकि, एक पूरा उड़ने वाला वर्जन लंबे समय तक सच नहीं हो सका। 

करीब 102 साल बाद अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित कंपनी एलेफ (Alef) ने 2019 में अपनी फ्लाइंग कार का प्रोटोटाइप बनाया था और 2023 में उसे अमेरिकी एफएए  से विशेष एयरवर्दिनेस सर्टिफिकेशन भी मिल चुका है। एलेफ के सीईओ जिम दुकोवनी के मुताबिक, टेस्ला रोडस्टर इस रेस में शामिल होने वाली इतिहास की दूसरी फ्लाइंग कार होगी।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टेस्ला रोडस्टर वास्तव में एक पारंपरिक विमान या उड़ने वाली कार की तरह लगातार हवा में उड़ने के लिए नहीं बनी है। यह स्पेसएक्स के कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स के दम पर हवा में केवल संक्षिप्त उछाल और 180-डिग्री रोल जैसे स्टंट करने में सक्षम दिखी है। इसके उलट एलेफ जैसी कारें इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन की मदद से हवा में लंबी उड़ान भर सकती हैं।

इसके चलते ही अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने भी साफ किया है कि टेस्ला रोडस्टर उनके एयरक्राफ्ट के मानकों को पूरा नहीं करती है, इसलिए इसे विमान का प्रमाण-पत्र नहीं दिया जाएगा, जबकि एलेफ की लंबी उड़ानों की वजह से उसे पहले ही यह लाइसेंस मिल चुका है। 


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed