Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Farmers create ruckus in Kharif meeting

Aligarh: किसानों को नहीं दी गई खरीफ गोष्ठी की जानकारी, कृषि मंत्री के सामने हंगामा, जमकर नारेबाजी

Sun, 18 May 2025 12:25 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: चमन शर्मा Updated Sun, 18 May 2025 12:25 PM IST
सार

कृषि राज्य मंत्री शनिवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 2017 के बाद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों की स्थिति बेहतर करने में जुटे हैं।

विज्ञापन
Farmers create ruckus in Kharif meeting
गोष्ठी में धरने पर बैठे किसान को समझाते डीएम संजीव रंजन - फोटो : संवाद

विस्तार

खरीफ गोष्ठी के आयोजन की सूचना न मिलने से गुस्साए भाकियू के नेता नारेबाजी करते हुए हैबिटेट सेंटर पहुंच गए। वहां कुर्सियां खाली न मिलने पर किसान जमीन पर बैठ गए और कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख के सामने नारेबाजी करते रहे। कुछ देर बाद अधिकारियों की टिप्पणी से नाराज होकर भाकियू ने गोष्ठी का बहिष्कार कर दिया और सभागार के बाहर गैलरी में धरना देकर बैठ गए। इस दौरान सभागार में कार्यक्रम चलता रहा और गैलरी में नारेबाजी होती रही। अधिकारी भी किसानों को समझाने में चकरघिन्नी बने रहे। मंत्री के जाने के बाद डीएम ने हाथ जोड़कर किसानों को समझाकर किया शांत।

विज्ञापन


हैबिटेट सेंटर के सभागार में 17 मई को मंडलीय खरीफ गोष्ठी का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 12 बजे भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर के साथ 50 से अधिक किसान नारेबाजी करते हुए हैबिटेट सेंटर पहुंच गए। इस दौरान सभागार में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र तथा अलीगढ़ और आगरा मंडल के अधिकारी मौजूद थे। नारेबाजी देख प्रशासन में खलबली मच गई और अधिकारी किसानों को समझाने में जुट गए। किसी तरह किसान नेताओं को सभागार में बैठने की व्यवस्था की गई। 
विज्ञापन


राजकुमार तोमर ने मंच पर कहा कि किसानों को गोष्ठी के आयोजन की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने किसानों की समस्याएं भी उठाईं। इसी दौरान मंच से किसी अधिकारी ने समस्याओं को व्यक्तिगत बता दिया, जिससे भाकियू नेता भड़क गए और गोष्ठी का बहिष्कार कर सभागार के बाहर गैलरी में बैठकर नारेबाजी करने लगे। जिस समय मंत्री का संबोधन चल रहा था तब भी किसान नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान अधिकारियों की सांस फूली रही और वह किसानों को मनाने में जुटे रहे। राजकुमार तोमर ने कहा कि प्रशासन द्वारा मनमानी की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री के जाने के बाद अलीगढ़ के जिलाधिकारी संजीव रंजन किसानों के पास पहुंचे और हाथ जोड़कर किसानों से शांत होने के लिए कहा। इस पर किसान मान गए और वहां से चले गए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

इन जिलों के किसान हुए शामिल

खरीफ गोष्ठी में अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज और आगरा मंडल के आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद जिलों के किसान शामिल हुए।

ये रहे मौजूद 
कृषि निदेशक डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर, मंडलायुक्त अलीगढ़ संगीता सिंह, डीएम अलीगढ़ संजीव रंजन, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक उद्यान निदेशालय लखनऊ सर्वेश सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. हरेंद्र कुमार मिश्रा, उपनिदेशक उद्यान बलजीत सिंह, अलीगढ़ और आगरा मंडलों के सभी उप कृषि निदेशक, सभी जिला कृषि अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी

पांच किसानों को मिले पुरस्कार
पांच प्रमुख नैनो उपयोगिता प्रगतिशील किसानों को (नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, सागरिका तरल, एनपीके कंसोर्टिया, बायोडिकंपोजर) की किट/हैंपर प्रदान किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में तेहरा इगलास से तेजवीर सिंह, जिरौली धूम सिंह अतरौली से संजीव चौहान, भवीगढ़ इफको नैनो परियोजना गांव से गौरव कुमार, नगला बिजानिया खैर टप्पल से संजू सिंह, मानगढ़ी गोंडा से मुनेंद्र सिंह शामिल थे।
विरोध करते किसान
मंत्री जी, 35 साल से सूखे पड़े तालाब में भरवा दो पानी
खरीफ गोष्ठी में शामिल होने आए अलीगढ़ और आगरा मंडल के कई किसानों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपे। अलीगढ़ के गांव देवसैनी के किसान जल सिंह, बॉबी, दिनेश, चमन अहमद, क्षेत्रपाल, सुरेश और हरपाल ने मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि गांव का तालाब 35 साल से सूखा पड़ा है। इसी तरह महेशपुर नहर में भी पानी नहीं है। इस कारण किसान परेशान हैं। कई बार प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।

स्टॉल पर दी गई योजनाओं की जानकारी
खरीफ गोष्ठी के दौरान हैबिटेट सेंटर परिसर में सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को खाद और बीज की जानकारी दी गई। सोलर प्लांट की जानकारी देने के लिए नेडा का स्टॉल भी लगा था। इसी तरह मोटे अनाज से बनाए गए खाद्य पदार्थों का भी स्टॉल लगाया गया था।

यूपी में बीज निर्माण का हब बनाने की तैयारी : बलदेव सिंह औलख

कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए सरकार संकल्पित है। इसी के तहत किसानों को कृषि यंत्र, सोलर प्लांट, बीज और खाद में सब्सिडी दी जा रही है। उच्च गुणवत्ता का बीज उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश में बीज निर्माण का हब बनाने की तैयारी चल रही है, जिससे बेहतर बीज के माध्यम से बेहतर उत्पादन किया जा सकेगा।

कृषि राज्य मंत्री शनिवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 2017 के बाद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों की स्थिति बेहतर करने में जुटे हैं। पहले मनमर्जी से बीज भेज दिए जाते थे, जिन्हें किसान नहीं लेते थे। सब्सिडी को लेकर किसान और अधिकारियों में भिड़ंत होती रहती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। सिंचाई के लिए पानी का संकट नहीं होने दिया जाएगा। टेल तक पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि राज्य मंत्री कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में
पिछले दिनों हुई बिजली कटौती के संबंध में मंत्री ने कहा कि कई स्थानों पर खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिजली के तार टूटने के कारण जल गई थी, इसलिए कटौती की गई, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब हर हाल में 10 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। अब किसानों को बिजली का बिल नहीं देना पड़ रहा है, लेकिन किसान सोलर प्लांट लगाने पर ध्यान दें। इस पर सरकार 25 साल तक सरकार गारंटी दे रही है। सोलर प्लांट को किसी भी कोने में लगाया जा सकता है। सोलर प्लांट लगाने में सरकार पूरी मदद करेगी। खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों की मांग के अनुसार पोटाश भी दिया जाएगा। देश में जहां भी अच्छा बीज मिलेगा वहां से बीज मंगाया जाएगा। सरकार किसानों की समस्याओं लेकर गंभीर है। गोष्ठी में प्रमुख सचिव कृषि रवेंद्र कुमार, मंडलायुक्त अलीगढ़ संगीता, मंडलायुक्त आगरा शैलेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।

खरीफ गोष्ठी का आयोजन बेहतर रहा। किसानों ने अपनी समस्याएं बताईं और अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन भी दिया।- रमेंद्र अग्निहोत्री, हाथरस
बुवाई से पहले इस तरह का आयोजन होना अच्छा है, लेकिन खाद, बिजली, पानी की समस्याओं का समाधान भी होना चाहिए।- खूब सिंह, कासगंज
इस तरह के आयोजन की जानकारी किसानों को समय पर दी जाए, जिससे इसका लाभ उठाकर उत्पादन बेहतर किया जा सके।- मोहन लाल, अलीगढ़
गोष्ठी में किसानों को बेहतर जानकारियां दी गईं, मंत्री समेत सभी आला अधिकारियों की मौजूदगी में किसानाें ने अपनी बात कही।- दलवीर सिंह, अलीगढ़
गोष्ठी में जो विचार रखे जाते हैं, उन्हें गंभीरता से लेना चाहिए। सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ किसानों को मिलना चाहिए।- देवराज सिंह, अलीगढ़
किसानों के सामने खाद संकट, बिजली और पानी की किल्लत बड़ी समस्याएं हैं, जिन पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।- नटवर सिंह, कासगंज
गोष्ठियों की सार्थकता तभी है जब किसानों को योजनाओं का लाभ मिले और फसलों का उत्पादन बढ़े। किसान देश की रीढ़ हैं।- भगवान सिंह, आगरा

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed