Indian Railways: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, आज से फिर चलेगी दो साल से बंद दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू पैसेंजर ट्रेन
दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू पैसेंजर ट्रेन का सोमवार से पुन: संचालन करने का निर्णय लिया गया है। कोरोना संक्रमण के कारण करीब दो साल से यह ट्रेन बंद पड़ी थी।
विस्तार
कोरोना संक्रमण के कारण करीब दो साल से बंद पड़ी दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू (अनारक्षित एक्सप्रेस) का सोमवार से पुन: संचालन करने का निर्णय लिया है। इससे दैनिक यात्रियों का सफर अब और भी सुहाना हो सकेगा। ऐसा होने से अलीगढ़ से सफर करने वाले करीब 10 हजार दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा ।
उधर, अलीगढ़-चंदौसी रेल मार्ग पर पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी इलेक्ट्रिक इंजन से 120 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी। अभी तक यहां डीजल इंजन से ट्रेनें संचालित होती थी। इससे अब पैंसेजर ट्रेनों का करीब 40 मिनट और मालगाड़ियों का 80 मिनट का समय बच सकेगा । ईएमयू पैसेंजर ट्रेन संचालन से अलीगढ़ स्टेशन के अलावा महरावल, कुलवा, सोमना, डांबर आदि स्थानीय स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। लंबे समय से दैनिक रेल यात्री संगठन ट्रेन संचालन की मांग करते आ रहे थे।
सांसद सतीश गौतम ने भी रेल मंत्रालय को पत्र भेजकर ट्रेन का संचालन कराने की मांग की थी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि सोमवार से दिल्ली- अलीगढ़ ईएमयू पैसेंजर ट्रेन का नियमित संचालन होगा। उन्होंने बताया कि ट्रेन दिल्ली से सुबह 08:30 बजे शहादरा, गाजियाबाद, साहिबाबाद, दनकौर, चोला, खुर्जा, सोमना, कुलवा, महरावल के रास्ते अपरान्ह 11:20 बजे अलीगढ़ स्टेशन पर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि चंदौसी से मुरादाबाद वाया अलीगढ़ चलने वाली लिंक देहरादून-सूबेदारगंज एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी और अपनी पूरी गति से दौड़ेगी। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली सूबेदारगंज-देहरादून एक्सप्रेस अब पांच दिन चलेगी। यह ट्रेन अलीगढ़ के निवासियों के लिए प्रयागराज तक आने के लिए सबसे पसंदीदा ट्रेन है।