धनतेरस: बाजार पर 1500 करोड़ की धनवर्षा, सुबह से देर रात तक बाजारों में भीड़, जमकर हुई खरीदारी
कारोबार के नजरिये से रियल एस्टेट नंबर एक पर है। प्रापर्टी और जमीन की खरीद-फरोख्त में सबसे अधिक लगभग 650 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। दूसरे नंबर पर किराना और जनरल स्टोर की दुकानें हैं, जिसमें 250 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
विस्तार
धनतेरस पर अलीगढ़ जिले के रियल एस्टेट और सभी बाजारों में लगभग 1500 करोड़ रुपये की धनवर्षा हुई है। 500 करोड़ रुपये की खरीदारी छोटी दिवाली से भाई दूज के बीच होने की उम्मीद है।
शुक्रवार से शुरू हुआ दीपोत्सव छह दिन तक मनाया जाएगा। सात को छोटी दिवाली, आठ को दिवाली, नौ को सोमवती अमावस्या, 10 को पड़वा (प्रतिपदा) और 11 को भाई दूज का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के बाजारों में लगभग दो हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
कारोबार के नजरिये से रियल एस्टेट नंबर एक पर है। प्रापर्टी और जमीन की खरीद-फरोख्त में सबसे अधिक लगभग 650 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। दूसरे नंबर पर किराना और जनरल स्टोर की दुकानें हैं, जिसमें 250 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। तीसरे नंबर पर 200 करोड़ के साथ ऑटो सेक्टर है। चौथे नंबर पर 80 करोड़ के साथ सराफा बाजार और पांचवें नंबर पर 80 करोड़ रुपये के अनुमानित कारोबार के साथ बर्तन व क्रॉकरी बाजार है।
650 करोड़ : घर, मकान और दुकान
रियल एस्टेट के जानकार शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे जिले में लगभग 650 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। इसमें घर, फ्लैट, शोरुम, दुकान, जमीन और खेत हर तरह की खरीदारी शामिल है। वर्ष 2025 में हुई धनतेरस पर स्टांप एवं निबंधन विभाग को लगभग 52 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, जो इस बार लगभग 56 करोड़ के पार पहुंच गया है। एआईजी स्टांप ब्रजेश सिंह ने बताया कि हर वर्ष धनतेरस के दिन जमीन, मकान और दुकानों की बिक्री बढ़ रही है।
250 करोड़ : किराना एवं अन्य खाद्य पदार्थ
शहर के प्रमुख किराना कारोबारी सुमित सहपऊ ने बताया कि पूरे जिले में किराना और अन्य खाद्य पदार्थों की लगभग 250 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान है। इसमें ऑनलाइन की खरीदारी भी शामिल है। महावीरगंज खाद्यान उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री विशाल भगत ने बताया कि थोक बाजार से ही लगभग 100 करोड़ का कारोबार हो जाएगा। केवल ड्राईफ्रूटस में ही लगभग 40 करोड़ का कारोबार हुआ है।
60 करोड़ : साड़ी, कपड़ा और रेडीमेड
दि क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन बजाज ने बताया कि धनतेरस से दिवाली तक साड़ी, कपड़ा, रेडीमेड और हर तरह के कपड़े मिला दें तो लगभग 60 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। इसमें ऑनलाइन शॉपिंग भी जोड़ दें तो यह 70 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी। बाजार में सहालग के पहले बहुत अच्छी शुरुआत मिल गई है।
80 करोड़ के बर्तन व क्रॉकरी
बर्तन कारोबारियों के अनुसार पूरे जिले में धनतेरस के दिन बर्तनों की जबरदस्त खरीदारी हुई है। देर रात तक लोगों ने बर्तन खरीदे। लगभग 80 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। शहर के प्रमुख बर्तन कारोबारी दीपांशु वार्ष्णेय ने बताया कि पीतल, तांबा, कांसा से बने बर्तनों की मांग बढ़ रही है। इसके साथ ही स्टील के फैन्सी बर्तन भी लिए जा रहे हैं।
50 करोड़ इलेक्ट्रॉनिक आइटम में
सेंटर पॉइंट व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष नितिन वार्ष्णेय ने बताया कि कंप्यूटर और लैपटॉप की तकरीबन 35 दुकानों से चार करोड़, मोबाइल की 400 दुकानों से 10 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। मामू भांजा के मास्टर रेडियो के संचालक अनुज गुप्ता ने बताया कि जिले में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का लगभग 40 करोड़ का कारोबार हुआ है।
इस धनतेरस ऐसे हुआ कारोबार
- 650 करोड़ रियल एस्टेट और जमीन में
- 250 करोड़ किराना और जनरल स्टोर
- 200 करोड़ ऑटो सेक्टर में
- 80 करोड़ सराफा बाजार में
- 80 करोड़ रुपये बर्तन व क्रॉकरी
- 80 करोड़ साड़ी और कपड़ा
- 50 करोड़ इलेक्ट्रॉनिक आयटम में
- 50 करोड़ मिठाई, नमकीन और मेवा
- 50 करोड़ सजावटी सामान और झालर
- 50 करोड़ आतिशबाजी और अन्य मनोरंजन
- नोट : लगभग 1510 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।