Aligarh News: लोडिंग-अनलोडिंग हब बन रहा दाऊद खां, यहां उतारा जा रहा एनसीआर का लोहा
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के न्यू दाऊद खां स्टेशन माल यार्ड का शुभारंभ मार्च 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑनलाइन किया था। यह लाइन खुर्जा से हापुड़ के जरिये सहारनपुर से लुधियाना को जाती है। फ्रेट कॉरिडोर की दूसरी लाइन दादरी से मुंबई तक जाती है। इसलिए दिल्ली, एनसीआर, गाजियाबाद, साहिबाबाद के लिए आने वाला लोहा अभी यहां उतारना शुरू किया गया है।
विस्तार
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के खुर्जा-सोननगर मार्ग पर स्थापित किया गया न्यू दाऊद खां मालयार्ड स्टेशन लोडिंग-अनलोडिंग का बड़ा हब बन रहा है। एक मालयार्ड शुरू होने के बाद यहां अभी ओडिशा-झारखंड आदि से एनसीआर के लिए आने वाला लोहा उतारा जा रहा है।
आने वाले समय में यहां सीमेंट फैक्टरियों में प्रयोग होने वाले क्लिंकर को भी उतारे जाने की तैयारी है। इसके लिए प्रदूषण एनओसी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ में एक तेल कंपनी भी इस मालयार्ड के आसपास अपना तेल डिपो बनाने के लिए सर्वे करा रही है। कुल मिलाकर माल यार्ड पूरी तरह विकसित होने पर इलाके में रोजगार के अवसर खुलेंगे।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के न्यू दाऊद खां स्टेशन माल यार्ड का शुभारंभ मार्च 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑनलाइन किया था। यह लाइन खुर्जा से हापुड़ के जरिये सहारनपुर से लुधियाना को जाती है। फ्रेट कॉरिडोर की दूसरी लाइन दादरी से मुंबई तक जाती है। इसलिए दिल्ली, एनसीआर, गाजियाबाद, साहिबाबाद के लिए आने वाला लोहा अभी यहां उतारना शुरू किया गया है। एक-दो रैक क्लिंकर उतारने का प्रयोग भी यहां किया गया।
डीएफसीसी का माल यार्ड व स्टेशन पूरी तरह सक्रिय है। जो भी माल यहां से भेजना या यहां उतारना चाहता है, वे प्रयोग कर सकते हैं। जब हरदुआगंज से इसे जोड़ दिया जाएगा तो मुरादाबाद लाइन पर भी हमारी गाड़ियां फर्राटा भरेंगी। - मन्नू प्रकाश दुबे, एजीएम, डीएफसीसी
2.5 किमी लंबा विशाल कंटेनर यार्ड, सीधा हाईवे से जुड़ाव
न्यू दाऊद खां स्टेशन इस महत्वपूर्ण परियोजना का एक अभिन्न हिस्सा है। इसे एक मेगा टर्मिनल के रूप में विकसित करने की व्यापक योजना है। इस स्टेशन पर 2.5 किलोमीटर लंबा एक विशाल कंटेनर यार्ड बनाया गया है। माल के तेजी और सुरक्षित लोडिंग तथा अनलोडिंग के लिए आधुनिक तकनीकों और उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। यह यार्ड एक साथ कई मालगाड़ियों के कंटेनरों को संभालने और संग्रहीत करने की क्षमता रखता है। यहां से माल ट्रकों के जरिये दिल्ली-कानपुर हाईवे तक पहुंचाने के लिए एक सीधा मार्ग भी बनाया जा रहा है।
उत्तराखंड-हिमाचल तक जाएगा माल
दाऊद खां से फिलहाल हरदुआगंज जाने के लिए अलीगढ़ होकर ही जाना होता है। इसके चलते कभी-कभी गाड़ियों को इंतजार करना पड़ता है। जल्द दाऊद खां से हरदुअगांज के लिए नया रेल ओवरब्रिज बनाया जाना प्रस्तावित है। 22 किमी के इस ओवरब्रिज के लिए जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा है। इसके बनकर शुरू होने पर गाड़ियां हरदुआगंज-बरेली लाइन से उत्तराखंड-हिमाचल तक सीधे माल ले जा सकेंगी।
लॉजिस्टिक हब बनने पर इलाके में होगा विकास
इस इलाके में अभी से जमीनों की कीमतों में इजाफा हो गया है। जैसे-जैसे यहां काम पूरे होते चलेंगे, लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, उसी अनुसार यहां व्यावसायिक व आवासीय गतिविधियां बढ़ेंगी। इलाके के लोगों को उम्मीद है कि यहां विकास होगा।
कुछ ये तथ्य जानिये
- 140 मालगाड़ियां हर दिन अप-डाउन में यहां से गुजर रहीं
- 10 मालगाड़ी रैक का माल उतारने का इंतजाम यहां पर है
- 02 मालगाड़ी रैक फिलहाल लोहा यहां हर रोज उतर रहा
ये है प्रस्तावित
- दाऊद खां से हरदुआगंज अभी तक गाड़ियां अलीगढ़ होकर जाती हैं
- दाऊद खां से हरदुआगंज के बीच 22 किमी रेल फ्लाई ओवर प्रस्तावित
- भूमि अधिग्रहण का काम जारी, जल्द यह लाइन बनना होगी शुरू
- इस लाइन के बनते ही यह लाइन उत्तराखंड-हिमाचल तक पहुंचेगी