UP: 'टीका दिन ब दिन बड़ा होता जा रहा है...' AMU में कर्मचारी तिलक पर टिप्पणी से विवाद, समर्थन में उतरे छात्र
एएमयू में जेएन मेडिकल कॉलेज के पर्चेज सेक्शन विभाग के कर्मचारी पंडित आशीष शर्मा ने आराेप लगाया कि एएफओ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि टीका दिन प्रतिदिन बड़ा होता जा रहा है। इस पर उन्होंने आपत्ति भी जताई लेकिन वह नहीं माने।
विस्तार
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में एक हिंदू कर्मचारी के तिलक लगाकर पहुंचने पर विवाद खड़ा हो गया। कर्मचारी का आरोप है कि उनके तिलक को लेकर सहायक वित्त अधिकारी (एएफओ) ने टिप्पणी की थी। कुछ ही देर में यह मामला हिंदू संगठनों तक पहुंच गया। हिंदू छात्रनेता भी उनके समर्थन में आ गए। वहीं, कुलपति ने कहा है कि कर्मचारी को मीडिया में जाने के बजाय विभाग के अध्यक्ष से शिकायत करनी थी।
एएमयू में जेएन मेडिकल कॉलेज के पर्चेज सेक्शन विभाग के कर्मचारी पंडित आशीष शर्मा ने आराेप लगाया कि एएफओ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि टीका दिन प्रतिदिन बड़ा होता जा रहा है। इस पर उन्होंने आपत्ति भी जताई लेकिन वह नहीं माने। आशीष शर्मा ने कहा कि तिलक लगाना उनके धर्म में है। उसे नहीं छोड़ सकते हैं। एएमयू छात्रनेता अखिल कौशल ने कहा कि किसी में हिम्मत नहीं है कि किसी कर्मचारी को तिलक लगाने से रोक दे। लोगों को अपनी मानसिकता सुधारनी चाहिए और मानवता का परिचय देना चाहिए।
इतना बड़ा इदारा (एएमयू) है। करीब दो हजार से ज्यादा कर्मचारी हैं। कर्मचारियों की अपने अधिकारियों से शिकायतें भी होंगी। किस संस्था में नहीं होंती। कोई भी मुद्दा बनाना चाहते हैं तो बना सकते हैं। अगर उन्हें एएफओ से शिकायत थी तो वह अपने विभागाध्यक्ष से शिकायत करते। इसका समाधान हो जाता। मामला संज्ञान में आया है। जांच की जरूरत हुई तो जांच भी कराई जाएगी। -प्रो. नईमा खातून, कुलपति, एएमयू
विज्ञापन विज्ञापन