नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में आई एएमयू में पढ़ने वाली स्थानीय छात्राओं का धरना रविवार को भी जारी रहा। इन छात्राओं ने धरना स्थल पर हमें चाहिए आजादी के नारे भी लगाए। इनकी दलील है कि नागरिकता कानून के विरोध में छात्रों का विरोध शांतिपूर्वक चल रहा था। लेकिन अवकाश घोषित करके उनके अभियान को रोकने का काम किया गया। यह लोग उनके अभियान को आगे बढ़ाएंगी।
16 दिसंबर को कैंपस से छात्रों के चले जाने के बाद अगले दिन एएमयू में पढ़ने वाली कुछ छात्राएं बाब ए सैयद के पास धरना देने बैठ गई थीं। यह छात्राएं दिन में आ जाती हैं और शाम होते ही चली जाती हैं। रविवार को भी यह छात्राएं धरना स्थल पर आईं। इन्होंने मैं भी मांगू आजादी, एएमयू मांगे आजादी, स्टूडेंट मांगे आजादी, टीचर मांगे आजादी, जैसे नारे लगाए। जिसको लेकर प्राक्टर टीम हरकत में आ गई। इन लोगों का धरना शांतिपूर्वक तरीके से शाम तक जारी रहा। इसके बाद यह लोग चले गए। जब तक धरना स्थल पर छात्राएं रहीं वहां पर प्राक्टर टीम भी मौजूद रही।