Aligarh: टप्पल में भूमाफिया ग्रुप की 60.89 करोड़ की भूमि कुर्क, रियल एस्टेट कंपनी बनाकर निवेशकों को ठगा
एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। प्रदेश में किसी भूमाफिया ग्रुप पर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इसके लिए पुलिस ढाई माह से होमवर्क कर रही थी।
विस्तार
अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में रियल एस्टेट कंपनी बनाकर कई राज्यों के निवेशकों को ठग चुके भूमाफिया ग्रुप पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भूमाफिया ग्रुप द्वारा ठगी की रकम से खरीदी गई 60.89 करोड़ कीमत की भूमि को कुर्क कर लिया है। शनिवार को गैंगस्टर के तहत यह कार्रवाई कर भूमि प्रशासन के हक में जब्त कर ली गई है।
एसएसपी के अनुसार कंपनी मालिकान पर टप्पल में 2023 में आठ-आठ मुकदमे इसी तरह की धोखाधड़ी के दर्ज हैं। इसी आधार पर कंपनी के तीनों मालिकों पर 1 जून को गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्जकर इनके द्वारा ठगी की रकम से अर्जित की गई संपत्ति को चिह्नित किया गया। जांच में उजागर हुआ कि इनके द्वारा टप्पल में गोरोला गांव के सहारे 40,596.613 वर्गमीटर यानि करीब 52 बीघा भूमि खरीदी गई है। इसकी बाजार में कीमत 60 करोड़ 89 लाख 49 हजार 195 रुपये आंकी गई।
इस संपत्ति को गैंगस्टर के तहत डीएम के अनुमोदन पर शनिवार को कुर्क कर प्रशासन के पक्ष में जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई को एसपी देहात अमृत जैन की अगुवाई में सीओ वरुण कुमार सिंह, एसएचओ टप्पल अरुण कुमार की संयुक्त टीम ने पूरा किया। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। प्रदेश में किसी भूमाफिया ग्रुप पर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इसके लिए पुलिस ढाई माह से होमवर्क कर रही थी।
गैंगस्टर के खिलाफ आरोपी गए हाईकोर्ट
एसएसपी ने स्वीकारा कि जब तीनों आरोपियों पर पूर्व के मुकदमों के आधार पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई तो ये आरोपी इसके खिलाफ हाईकोर्ट तक गए। जिला प्रशासन ने वहां प्रयास किया, इसमें प्रशासन को सफलता मिली। आरोपियों को चार्जशीट होने तक जेल जाने पर स्थगनादेश मिला है। उसके बाद ही यह कार्रवाई शुरू की गई।
अभी चार कार व नोएडा की संपत्ति निशाने पर
एसएसपी ने बताया कि इन लोगों ने इस कमाई से स्कॉर्पियो सहित चार कारें खरीदी हैं। इसकी कीमत 50 लाख से अधिक है। इसके अलावा नोएडा में कुछ संपत्तियां बनाई हैं। वह भी हमारे निशाने पर हैं। जल्द उन्हें भी इसी तरह कुर्क किया जाएगा।एसएसपी ने बताया कि इस कार्रवाई के तहत यह प्रावधान है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को कुर्क कर उसे नीलाम किया जा सकता है। नीलामी से होने वाली आय से पीडि़तों को मुआवजा दिया जा सकता है। यह प्रक्रिया भी अदालत से अनुमति लेकर पूरी की जाएगी।
ये हैं तीनों आरोपी जिन पर हुई कार्रवाई
- अजीत कुमार रमण निवासी खसरा नंबर 51 यूसुफपुर चक सबेरी साई उपवा सोसायटी के पास पुराना हैबदपुर ग्रेटर नोएडा (गैंग लीडर)
- श्रवण कुमार निवासी एफ 53ए 11 धर्म कांप्लेक्स विशनपुर नोएडा जनपद गौतमबुद्धनगर (गैंग सदस्य)
- प्रवीन कुमार पटेल निवासी 110 ए दुर्गापुर नजदीक साईं मंदिर शांति विहार चिपयाना खुर्द तिगरी जनपद गौतमबुद्धनगर (गैंग सदस्य)
ये संपत्तियां की गईं कुर्क
गांव गोरोला में जो जमीन कुर्क की गई है, उसमें कुछ तीनों के द्वारा खरीदी गई व कुछ ग्राम समाज की है। इसमें गाटा संख्या 5अ, 5ब, 432, 485,418,419,421/06, 421/08, 398/02, 424अ, 424ब,235/13,235/08,251अ , 251ब, 137 की 40,596.613 वर्ग मीटर भूमि शामिल है।