Aligarh 2030: अतीत की नींव पर प्रगति की गाथा गढ़ रहा अलीगढ़, ताला-तालीम से निकल तकनीक 2030 तक का रास्ता
वर्ष 2030 में, मैं (अलीगढ़) एक ऐसा महानगर बन जाऊंगा, जहां परंपरा और आधुनिकता का संतुलन होगा। सारसौल चौराहे पर बना अत्याधुनिक अंतरजनपदीय बस स्टैंड आने वाले मेहमानों का स्वागत एक स्मार्ट सिटी के तौर पर करता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैं अलीगढ़ हूं...। कभी मेरी पहचान दुनिया भर में केवल ''ताला नगरी'' और ''शिक्षा के केंद्र'' के रूप में थी, लेकिन आज जब मैं वर्ष 2030 की दहलीज पर खड़ा होकर पीछे मुड़कर देखता हूँ, तो गर्व से भर जाता हूं। सन 2007 से लेकर 2026 तक का मेरा सफर शानदार रहा, जिसमें मैंने खुद को बदलते देखा, टूटते और फिर से संवरते देखा। वर्ष 2030 में, मैं केवल उत्तर प्रदेश का एक शहर नहीं, बल्कि भारत के भविष्य के स्मार्ट महानगरों की एक जीती-जागती तस्वीर बन जाऊंगा। मेरी गलियों में अब धूल नहीं, आधुनिकता की महक है, मेरे चौराहों पर अब जाम नहीं, रफ्तार का सुकून होगा...।
स्मार्ट सिटी : एक नई जीवनशैली का उदय
2030 का मेरा स्वरूप 800 करोड़ से अधिक की स्मार्ट सिटी परियोजना का परिणाम है। वह दौर बीत गया जब सीवर और ड्रेनेज मेरी बड़ी समस्या थे। आज मेरा सीवर सिस्टम और कूड़ा निस्तारण की आधुनिक व्यवस्था यूरोप के शहरों को टक्कर देती है।
- स्वच्छता और स्वास्थ्य : शहर के पार्कों में अब लोग ताजी हवा लेते हैं। जगह-जगह स्थापित ''हेल्थ एटीएम'' ने स्वास्थ्य सेवाओं को आम आदमी की पहुंच में ला दिया है।
- डिजिटल अलीगढ़ : पूरा शहर अब हाई-स्पीड वाईफाई से लैस है। नगर निगम की सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। ''सेफ सिटी'' परियोजना के तहत बिछाए गए सीसीटीवी कैमरों के जाल ने अपराध मुक्त परिवेश सुनिश्चित किया है। निजी क्षेत्र के कैमरों को भी मुख्य नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है, जिससे चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की नजर है।
यातायात की अभूतपूर्व क्रांति : फ्लाईओवर और मेट्रो
2026 तक जो प्रोजेक्ट्स नक्शों और निर्माण के दौर में थे, 2030 में वे मेरी लाइफलाइन बन जाएंगे।
- फ्लाईओवरों का जाल : क्वार्सी फ्लाईओवर, एटा चुंगी फ्लाईओवर, सूत मिल फ्लाईओवर और खेरेश्वर चौराहे के फ्लाईओवरों ने शहर के यातायात को ''सिग्नल फ्री'' जैसा बना दिया है। भारी वाहनों का दबाव अब शहर की अंदरूनी सड़कों पर नहीं पड़ता।
- मेट्रो का सपना हुआ साकार : जिस मेट्रो की हम केवल चर्चा करते थे, उसका पहला चरण अब धरातल पर है। प्रस्तावित मेट्रो रूट पर ट्रेनें दौड़ने लगी हैं, जिसने रामघाट रोड से लेकर जीटी रोड तक के सफर को मिनटों का बना दिया है।
- ई-बस सेवा : शहर के पांच मुख्य रूटों पर पीपीपी मॉडल पर चल रही इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण मुक्त सफर प्रदान कर रही हैं।
- औद्योगिक महाशक्ति : डिफेंस कॉरिडोर और लॉजिस्टिक पार्क से मेरा औद्योगिक कद अब केवल तालों तक सीमित नहीं रहा। मैं देश की रक्षा शक्ति का आधार बन गया हूं।
- डिफेंस कॉरिडोर (अंडला और पनैठी) : सारसौल से 13 किमी दूर अंडला में लगभग 53 हेक्टेयर में फैला डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर अब पूरी तरह क्रियाशील है। यहां बनी मिसाइलों के पुर्जे और रक्षा उपकरण भारतीय सेना की ताकत बढ़ा रहे हैं। पनैठी के पास इसका दूसरा चरण भी अब उद्योगों को नई जगह दे रहा है, जिससे कुल मिलाकर 10,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार पैदा हुए हैं।
- टप्पल-बाजना लॉजिस्टिक पार्क : यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित इस पार्क ने मुझे उत्तर भारत का सबसे बड़ा कमर्शियल हब बना दिया है। यहां से माल की आवाजाही ने अलीगढ़ के व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
- ख्यामई औद्योगिक क्षेत्र : गभाना के पास यह नया क्षेत्र छोटे और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के लिए स्वर्ग साबित हो रहा है।
कनेक्टिविटी लगाएगी पंख
जेवर एयरपोर्ट और रेलवे ने मेरी तरक्की की रफ्तार को पंख लगाए हैं। इसमें पड़ोस के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी सहयोग है।
- ग्लोबल कनेक्टिविटी : सारसौल चौराहे से मात्र 47 किलोमीटर दूर स्थित इस एयरपोर्ट ने मुझे पूरी दुनिया से जोड़ दिया है। पिसावा में हवाई जहाजों की मरम्मत (एमआरओ) का कारखाना स्थापित होने से तकनीकी कौशल के नए अवसर खुले हैं।
- रेलवे स्टेशन का कायाकल्प : मेरा मुख्य जंक्शन अब किसी एयरपोर्ट जैसा दिखता है। 11 करोड़ रुपये की लागत से जीटी रोड साइड पर बनी नई दो मंजिला इमारत, आधुनिक वेटिंग रूम और ढलान वाले पैदल पुलों ने यात्रियों का अनुभव बदल दिया है।
- डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर: न्यू दाऊद खां स्टेशन पर 2.5 किमी लंबा कंटेनर यार्ड मेरे व्यापारियों के लिए वरदान साबित हुआ है। अब अलीगढ़ का ताला और हार्डवेयर सीधा ट्रेनों के जरिए बंदरगाहों तक पहुंच रहा है।
- राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय: लोधा के मूसेपुर में स्थापित यह विश्वविद्यालय अब उच्च शिक्षा का बड़ा केंद्र बन चुका है, जो हजारों ग्रामीण युवाओं के भविष्य को संवार रहा है।
- ग्रेटर अलीगढ़ : पलवल रोड पर बसा ''ग्रेटर अलीगढ़'' मेरी आधुनिक आवासीय पहचान है। यहां की चौड़ी सड़कें, अंडरग्राउंड बिजली की लाइनें और आधुनिक सुविधाएं इसे एनसीआर के स्तर का बनाती हैं।
- गंगा सांकरा पुल: इस पुल के निर्माण ने बरेली और उत्तराखंड की ओर जाने वाले रास्ते को सुगम बना दिया है, जिससे व्यापारिक और व्यक्तिगत यात्रा का समय आधा रह गया है।
वर्ष 2030 में, मैं (अलीगढ़) एक ऐसा महानगर बन जाऊंगा, जहां परंपरा और आधुनिकता का संतुलन होगा। सारसौल चौराहे पर बना अत्याधुनिक अंतरजनपदीय बस स्टैंड आने वाले मेहमानों का स्वागत एक स्मार्ट सिटी के तौर पर करता है। ट्रांसपोर्ट नगर (ल्हौसरा) ने शहर के अंदर के भारी वाहनों के दबाव को खत्म कर दिया है, जिससे शहर की हवा अब पहले से कहीं अधिक स्वच्छ है।