अलीगढ़ नगर निगम: बोर्ड की बैठक में भिड़े सपा और भाजपा पार्षद, व्यावसायिक कांप्लेक्स का प्रस्ताव पास
बोर्ड अधिवेशन में महापौर प्रशांत सिंघल की ऐतिहासिक पहल पर पहली दफा महिला पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में समस्याओं को रखने का अवसर दिया। महिलाओं को आगे का सीट दिया गया। इसे सभी पार्षदों ने सराहा लेकिन पार्षद कुलदीप पांडेय ने एक्ट का हवाला देकर इसे गलत ठहराया।
विस्तार
अलीगढ़ नगर निगम बोर्ड की बैठक 19 जुलाई को हंगामेदार रही। बैठक में सपा और भाजपा पार्षदों में जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान जमालपुर में व्यवसायिक कांलेक्स, गूलर रोड फायर स्टेशन पर पुराने भवन को ध्वस्त कराकर नए प्रशासनिक व आवासीय भवनों के निर्माण और दुकानों के किराये वृद्धि का प्रस्ताव पास हुआ है। डिजिटल इंडिया की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 90 पार्षदों को लैपटॉप और प्रिंटर दिए गए।
शनिवार को नगर निगम का बोर्ड अधिवेशन कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में हुआ। इसमें महिलाओं को आगे बैठने-बोलने, अलीगढ़ का नाम हरीगढ़ करने और शहर के पूर्व विधायक को महापुरुष कहने पर सपा और भाजपा पार्षदों में जमकर नोकझोंक हुई। दोनों दलों के पार्षद मंच पर चढ़कर आपस में गुत्थम-गुत्थी करने लगे। बीच-बचाव करने के लिए प्रवर्तन दल की टीम और सहायक नगर आयुक्त को उतरना पड़ा। दोनों पक्षों में एक घंटा तक तू-तू, मै-मै हुई। पूर्व विधायक को महापुरुष कहने पर सपा पार्षदों ने इसे स्वतंत्रता सेनानियों व महान विभूतियों का अपमान बताया।
बोर्ड अधिवेशन में महापौर प्रशांत सिंघल की ऐतिहासिक पहल पर पहली दफा महिला पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में समस्याओं को रखने का अवसर दिया। महिलाओं को आगे का सीट दिया गया। इसे सभी पार्षदों ने सराहा लेकिन पार्षद कुलदीप पांडेय ने एक्ट का हवाला देकर इसे गलत ठहराया। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक के निर्णयों व कार्रवाई की पुष्टि प्रक्रिया से सदन की शुरुआत होती है।
इस पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने लिपिकीय त्रुटि करार दिया। उन्होंने जलकल में हुए घोटालों को रखा। उन्होंने बताया कि जलकल विभाग में दुबे इंटरप्राइजेज द्वारा 7000 के स्थान पर 25000 की बैरिंग खरीद व 1 फर्म की 3 जीएसटी आईएम प्रकरण उठा। नगर आयुक्त ने जांच कराने का आदेश दिया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को राहत देते हुए उनके उत्तराधिकारियों को गृहकर-जलकर से मुक्त किया गया है। पार्षद संजय पंडित ने नादा पुल चौराहा का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया है।
डिजिटलाइजेशन क्षेत्र में यह ऐतिहासिक कदम है। लैपटॉप से पार्षद ऑनलाइन शिकायत दर्ज, विकास कार्यों की डिजिटल रिपोर्ट और पेयजल निगरानी जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। यह निर्णय जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच की दूरी कम करेगा। - प्रशांत सिंघल, महापौर
बोर्ड की बैठक में पार्षदों ने जो समस्याएं रखी हैं उनका प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा। घोटाले की शिकायत मिली है उसकी जांच भी कराई जाएगी। - प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
नाम परिवर्तन के लिए लगेगा 50 हजार शुल्क
नगर निगम के स्वामित्व की दुकानों के मूल आवंटी की मृत्यु के बाद काबिज उनके वारिस के नाम परिवर्तन के लिए 20 हजार की जगह 50 हजार रुपये शुल्क देना होगा। वर्तमान किराए में तीन गुना वृद्धि की गई। इसमें 12.50 प्रतिशत किराया वृद्धि पांच वर्ष बाद की जाएगी। दुकानों की प्रीमियम धनराशि 60 हजार से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये, कंपाउडिंग फीस 25 हजार से 50 हजार रुपये का प्रस्ताव पास किया गया।
सिनेमाघरों पर 250, मॉल व मल्टीप्लेक्स पर लगेगा 500 टैक्स
सिनेमाघर, मॉल, मल्टीप्लेक्स व सर्कस पर टैक्स 30 वर्ष पुराना है। तीनों पर नई दरें लागू कर दी गई हैं। एक सिनेमाघर पर 20 रुपये के स्थान पर 250 रुपये, मॉल व मल्टीप्लेक्स पर 20 से 500 रुपये व सर्कस पर 20 से 100 रुपये टैक्स लगाया जाएगा। जमालपुर में 4720 वर्गमीटर भूमि पूर्व नेशनल एसोसिएशन फॉर दि ब्लाइंड ट्रेनिंग सेंटर को 30 वर्ष के लिए लीज पर दी गई थी। सेंटर की लीज 2014 में समाप्त हो गई है। नगर निगम ने जमीन पर कब्जा ले लिया है। इस भूमि पर व्यवसायिक-आवासीय कांप्लेक्स का निर्माण नगर निगम प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी माडल) में कराएगा। गूलर रोड पर 2190 वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध है। इस पर 1800 वर्ग मीटर बाउंड्री है। 1610 वर्ग मीटर भूमि पर नगर निगम आय बढ़ाने के लिए कमर्शियल कांप्लेक्स का निर्माण पीपीपी माडल पर कराएगा।
225 रुपये होगा टाइप-1 के आवास का किराया
देसी नस्ल के कुत्तों के पंजीयन के लिए अब शुल्क नहीं देना होगा। अभी तक 200 रुपये शुल्क लिया जाता था। कुत्ता, बिल्ली पंजीयन में देरी पर 100 रुपये हर दिन जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम के आवासों का किराया 30 वर्षों से पूर्ववत है। अब टाइप-1 आवास का किराया 50 रुपये के स्थान पर 225 रुपये प्रतिमाह होगा। टाइप-2 के आवास 51 से 100 रुपये के स्थान पर 450 रुपये प्रतिमाह, टाइप-3 के आवास का किराया 101 से 200 रुपये के स्थान पर 870 रुपये होगा।
महिलाओं की पहल, सफाई और विकास पर जोर
बोर्ड अधिवेशन में महापौर प्रशांत सिंघल की पहल पर पहली बार महिला पार्षदों ने अपनी वार्डों की समस्याओं को पुरुष पार्षदों से पहले सदन में रखा। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने पार्षदों के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि अगले माह तक सभी वेडिंग जोन व्यवस्थित होंगे। लॉटरी प्रक्रिया की कमियों को दूर करने के लिए पुनः जोन-वाइज लॉटरी की जाएगी। 136 आवंटनों को निरस्त किया गया है। महापौर ने कहा कि सफाई और निर्माण के कार्यों में किसी भी प्रकार से समझौता नहीं किया जाएगा।
लाइट व्यवस्था में सुधार
लाइट संबंधी शिकायतों पर नगर आयुक्त ने बताया कि नए अधिशासी अभियंता यांत्रिक अजय कुमार सक्सेना के नेतृत्व में दो माह में लाइट व्यवस्था में सुधार होगा। अब ब्रांडेड कंपनियों की लाइट्स खरीदी जाएंगी। इनका रखरखाव 5-10 साल तक सुनिश्चित होगा। ईईएसएल को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।
ये प्रस्ताव हुए पास
1-सिनेमाघर तथा सर्कस पर शो टैक्स लगेगा।
2-जमालपुर में नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड ट्रेनिंग सेंटर पर पीपीपी के माध्यम से व्यवसायिक कम आवासीय कांप्लेक्स निर्माण।
3-गूलर रोड मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम कोल द्वितीय के माध्यम से व्यवसायिक कांप्लेक्स का निर्माण।
4-नगर निगम की स्वामित्व की विभिन्न मार्केट में विभिन्न दुकानों के किराया में वृद्धि।
5-गृहकर, जलकर एवं ड्रेनेज कर पर छूट।
6-नगर निगम के सरकारी आवंटित आवासों की वृद्धि।
7-ईईएसएल द्वारा लगाई गई लाइटों का भौतिक सत्यापन।
8-पथ प्रकाश समस्त 90 वार्डों को 18 ग्रुप में बांटते हुए प्रत्येक पांच वार्डों के लिए एक अनुरक्षण टीम बनेगा।
9-गोवंशो में कृत्रिम गर्भधान।
11-अचल तालाब पर निर्मित 32 दुकानें निर्धारित प्रीमियम एवं किराए पर उठाए जाएंगे।
12-जल संयोजन कंपाउंडिंग की दरों में संशोधन।
13-सुरेंद्र नगर पानी की टंकी परिसर में पुलिस चौकी निर्माण।
14-ई-रिक्शा लाइसेंस फीस में 10 फीसदी छूट
15-आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर कार्मिकों की वेतन वृद्धि।
16-नगर निगम सामान्य आउटसोर्स कार्मिकों की वेतन वृद्धि।
17-कोल के गूलर रोड पर अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों के निर्माण।
18-दो स्थलों पर 33/11 केवीए के सब स्टेशन बनेगा।
19- बरौला जाफराबाद एवं ग्राम एलमपुर की भूमि को निशुल्क पुनर्ग्रहण का प्रस्ताव पास।
20-नगर निगम पार्किंग शुल्क का नियमानुसार वसूली।
21-तंबाकू विक्रेताओं पर जुर्माना।
22- श्वान, बिल्ली, बिलाव व अन्य पालतू पशुओं पर फीस वृद्धि।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर कुलदीप पांडेय, पुष्पेंद्र कुमार जादौन, दिनेश जादौन, योगेश सिंघल, अनिल कुमार सेंगर, संजय पंडित, शेर सिंह, स्नेह सिंह, राकेश ठाकुर, दिनेश भारद्वाज, मो. हाफिज नूर अब्बासी, मुशरर्फ हुसैन, असलम शबाना, मो. असलम नूर, अंशु अग्रवाल, सुभाष चंद्र शर्मा, महावीर सिंह, नसी अहमद, आजाद सिंह, अगन लाल, बॉबी कुमार, सुनील कुमार, पवन कुमार, नरेंद्र कुमार सैनी, रेनू सैनी, पुष्पा देवी, हरिशंकर, सुरेंद्र प्रताप सिंह, निरंजन सिंह, अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, उप नगर आयुक्त अमित कुमार, सचिव सचिवालय / सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह, जीएम जल डॉ. पीके सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा, एक्सईएन अजय सक्सेना, बिजेन्द्र पाल, कर निर्धारण अधिकारी आरपी सिंह मौजूद रहे।