अलीगढ़: डीएम ने किया आईएएस-पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण, दिए सफलता के टिप्स
निरीक्षण के दौरान डीएम ने शाहजहांपुर के अमन कुमार को लाइब्रेरी में तैयारी करते देखा। अमन ने बताया कि 23 अगस्त को उनकी लोअर पीसीएस की परीक्षा है। उनका परीक्षा केंद्र मेरठ में पड़ा है। डीएम ने अमन को अपने पास बैठाकर उनकी तैयारी के बारे में पूछा।
विस्तार
अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने 22 अगस्त को आगरा रोड स्थित मुकुंदपुर आईएएस-पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। करीब दो घंटे तक डीएम ने छात्रों को सफलता के लिए दिए।
डीएम ने विद्यार्थियों से उनकी परीक्षा तैयारियों और अध्ययन की दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रों को केंद्र पर आ रही समस्याओं को बेबाकी से बताने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने अध्ययन के लिए आवश्यक पुस्तकों, टेस्ट सीरीज और मेंटरशिप की मांग की। उन्होंने बिजली और इंटरनेट जैसी सुविधाओं की आवश्यकता भी बताई।
डीएम ने कहा कि "मन के हारे हार है, मन के जीते जीत। " उन्होंने छात्रों को लक्ष्य के प्रति दृढ़ विश्वास रखने और लगातार आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने अधिकारी बनने से पहले स्वयं को व्यवस्थित करने और परिश्रम करने की बात कही। जिलाधिकारी ने समय प्रबंधन के महत्व पर भी जोर दिया। इस दौरान उपनिदेशक समाज कल्याण मनोज कुमार याद , सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, अधिशासी अधिकारी मडराक विवेक गौर] केंद्र अधीक्षक उपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की मांग पर सहायक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र अधीक्षक से आवश्यक पुस्तकों की सूची मांगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक को कॉमन रूम तैयार कराने और 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। केंद्र पर निशुल्क वाई-फाई सुविधा, मेंटरशिप प्रोग्राम और नियमित टेस्ट सीरीज संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, रसोई में स्वच्छता और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच कराने के निर्देश भी दिए।
विभिन्न जिलों के विद्यार्थी से जानीं समस्याएं
मुकुंदपुर आईएएस-पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में विद्यार्थियों को निशुल्क रहने और भोजन की सुविधा मिलती है। वर्तमान में यहां करीब 40 विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ये विद्यार्थी अलीगढ़ के अलावा गाजीपुर, मऊ, मैनपुरी, फिरोजाबाद, महाराजगंज, मेरठ और प्रतापगढ़ से हैं। संवाद के दौरान छात्रों ने केंद्र से संबंधित कई समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनके स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
अमन कुमार को दिए सफलता के टिप्स
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शाहजहांपुर के अमन कुमार को लाइब्रेरी में तैयारी करते देखा। अमन ने बताया कि 23 अगस्त को उनकी लोअर पीसीएस की परीक्षा है। उनका परीक्षा केंद्र मेरठ में पड़ा है। जिलाधिकारी ने अमन को अपने पास बैठाकर उनकी तैयारी के बारे में पूछा। उन्होंने अमन को आत्मविश्वास बनाए रखने और समय का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी। परीक्षा के दौरान प्रश्नों को धैर्यपूर्वक हल करने के महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए गए।