फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Aligarh Dismissed Roadways Driver Raju Saini Climbs Down Tower

अलीगढ़: 38 घंटे बाद टूटी राजू की जिद, रिश्तेदार पार्षद के समझाने पर मोबाइल टावर से उतरा

Tue, 22 Sep 2026 12:10 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: Chaman Kumar Sharma Updated Tue, 22 Sep 2026 12:10 PM IST
सार

अलीगढ़ में रोडवेज में नौकरी बहाली की मांग को लेकर क्वार्सी चौराहे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ा बर्खास्त संविदा चालक राजू सैनी 38 घंटे बाद सोमवार रात 11 बजे रिश्तेदार पार्षद हरीश सैनी के समझाने पर नीचे उतरा, वह छठवीं बार टावर पर चढ़ा था और आरएम को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा था।

विज्ञापन
Aligarh Dismissed Roadways Driver Raju Saini Climbs Down Tower
टावर से उतरा राजू सैनी - फोटो : संवाद

विस्तार

रोडवेज में नौकरी बहाली की मांग के लिए क्वार्सी चौराहे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ा बर्खास्त रोडवेज संविदा चालक राजू सैनी करीब 38 घंटे बाद सोमवार रात करीब 11 बजे रिश्तेदार पार्षद के समझाने पर नीचे उतर आया। 

विज्ञापन


38 घंटे तक पुलिस, दमकल और रोडवेज अधिकारी उसे समझाते रहे, लेकिन राजू टस से मस नहीं हुआ। उसकी एक ही जिद थी। पहले कोल विधायक अनिल पाराशर, बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह और रोडवेज के आरएम को मौके पर बुलाओ, तभी नीचे उतरूंगा। रात करीब 11 बजे नगर निगम के पार्षद और राजू के रिश्तेदार हरीश सैनी ने उससे बातचीत की। काफी देर समझाने के बाद राजू नीचे उतरने को तैयार हुआ। इस दौरान एआरएम रमेश चंद्र धारीवाल, राजू की पत्नी भावना सैनी और बेटा अमन सैनी भी मौके पर मौजूद रहे।
विज्ञापन


राजू रविवार सुबह करीब 9:30 बजे टावर पर चढ़ा था। इसके बाद से लगातार पुलिस और दमकल की टीमें उसे नीचे उतारने में जुटी थीं। सोमवार को दिनभर समझाने के बाद भी वह नीचे नहीं आया। शाम ढलने के बाद भी टावर पर बैठा रहा और अपनी मांग दोहराता रहा। आखिर रात में रिश्तेदार पार्षद के समझाने पर उसका करीब 38 घंटे चला यह घटनाक्रम खत्म हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन


टावर पर ही काटी रात, पानी की बोतल रस्सी से खींची
राजू ने टावर पर ही रात गुजारी। गर्मी से परेशान होकर वह ऊपरी हिस्से से कुछ नीचे आया और साड़ी व कपड़ों से छांव कर ली। टावर के ऊपर उसने भाजपा का झंडा भी लगा दिया। उसने खाना-पानी नहीं मिलने का आरोप लगाया। दमकल कर्मियों ने पानी की बोतल रस्सी के सहारे उसके पास पहुंचाई, जिसे उसने ऊपर खींच लिया। राजू का कहना था कि उसका बेटा अमन खाना लेकर पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने खाना ऊपर नहीं जाने दिया। उसने कई बार नीचे मौजूद लोगों और दमकल कर्मियों से खाना-पानी पहुंचाने की मांग की।

एआरएम से भी बात करने से किया इनकार
सोमवार दोपहर एआरएम रमेश चंद्र धारीवाल टावर के नीचे पहुंचे और राजू को समझाने का प्रयास किया। लेकिन राजू ने उनसे बात करने से साफ इनकार कर दिया। उसने कहा कि वह केवल आरएम सत्येंद्र कुमार वर्मा से ही बात करेगा। साथ ही मारपीट करने वालों को जेल भेजने और नौकरी बहाल करने की मांग दोहराई। अधिकारियों की ओर से उसे बताया गया कि गार्ड की नौकरी देने का प्रस्ताव रोडवेज मुख्यालय भेजा जा चुका है और अनुमोदन मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बावजूद राजू टावर से नीचे आने को तैयार नहीं था।


छठवीं बार टावर पर चढ़ा था राजू
राजू सैनी इससे पहले भी आठ सितंबर को इसी मोबाइल टावर पर चढ़ा था। इसके अलावा लखनऊ के गोमतीनगर स्थित अवध डिपो में दो बार और बुद्ध विहार डिपो में भी टावर पर चढ़कर विरोध कर चुका है। अतरौली से लखनऊ तक अलग-अलग स्थानों पर वह नौकरी बहाली की मांग को लेकर इस तरह विरोध कर चुका है। ताजा घटनाक्रम उसका टावर पर चढ़ने का छठवां मामला बताया गया है। 

दो साल से नौकरी बहाली की मांग
क्वार्सी क्षेत्र के रावण टीला निवासी राजू सैनी की 14 अक्तूबर 2019 को रोडवेज में संविदा चालक के पद पर भर्ती हुई थी। करीब दो वर्ष पहले साथी कर्मचारियों से अभद्रता के आरोप में उसकी संविदा समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद से वह नौकरी बहाली की मांग कर रहा है। राजू का आरोप है कि उसकी संविदा गलत तरीके से समाप्त की गई। वह रोडवेज चालकों के आर्थिक और मानसिक शोषण और समस्याओं की सुनवाई नहीं होने का भी आरोप लगाता रहा है।

मुख्यालय से मंजूरी का इंतजार
सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह ने बताया कि राजू को लगातार समझाया गया। नौकरी का प्रस्ताव मुख्यालय भेजे जाने की जानकारी भी दी गई। बातचीत के जरिए उसे नीचे उतारने के प्रयास किए गए। क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा के मुताबिक राजू को गार्ड की नौकरी देने का प्रस्ताव मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। अनुमोदन मिलने के बाद नियुक्ति पत्र आदि की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि राजू सैनी का कहना था कि उनके रिश्तेदार हरीश सैनी ने उन्हें मंगलवार को नियुक्ति पत्र मिलने और सुबह से ड्यूटी ज्वाइन करने की बात कही है।    राजू सैनी ने कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो और भी बड़ा कदम उठाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed