बाइक शोरूम मालिक हत्याकांड: गर्दन में पीछे से लगी गोली आंख के सहारे से निकली, मुकदमा दर्ज, महामंडलेश्वर गायब
साजिश के आरोपी अशोक पांडेय हिरासत में है। पूजा घर से लापता है। चार टीमें घटना के खुलासे में लगी हैं। जांच में नामजदों के अभिषेक से जुड़े विवाद के काफी साक्ष्य संकलित किए गए हैं। दोनों को अभी क्लीन चिट नहीं मिली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ में कस्बा खैर के बाइक शोरूम के मालिक अभिषेक गुप्ता की हत्या में अभिषेक के छोटे भाई आशीष ने पूजा शकुन पांडेय व उनके पति अशोक पांडेय पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों ने साजिश रचकर शूटरों से हत्या कराई है। इधर, तड़के पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को गांव कचौरा (सिकंदराराऊ) ले गए। यहां अंतिम संस्कार किया गया।
मूल रूप से हाथरस के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव कचौरा निवासी गल्ला आढ़ती नीरज गुप्ता के कस्बा खैर व गौमत में दो बाइक शोरूम हैं। इनका संचालन अभिषेक करता था। शुक्रवार को अभिषेक अपने पिता व चचेरे भाई संग खैर से कचौरा जाने के लिए खेरेश्वर चौराहा पहुंचे।
यह भी पढ़ें... UP: व्यस्त चौराहे पर पुलिस बूथ के पास हत्या... बस में चढ़ते समय बाइक शोरूम के मालिक को भून डाला; उठा ये सवाल
यहां रोडवेज बस में चढ़ते समय बाइक सवार दो शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मुकदमे में गांधीपार्क के बी-दास कंपाउंड की अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती उर्फ पूजा शकुन पांडेय व उनके पति राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय व दो अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं।
पार्टनरशिप न करने पर हत्या कराने का आरोप
सीओ प्रथम मयंक पाठक के अनुसार मुकदमे में आरोप है कि यह हत्या पांडेय दंपती ने साजिश रचकर शूटरों से कराई है। अभिषेक इन दोनों के पास ही रहा था। दोनों का पूर्व में भी अभिषेक से विवाद हुआ था। तभी इन्होंने मारने की धमकी दी थी। ये दोनों अभिषेक की बाइक एजेंसी में बिना रुपया दिए पार्टनर होना चाहते थे। साथ में अपनी नेतागिरी की धौंस दिखाते थे। इसीलिए ये हत्या कराई गई है।
यह भी पढ़ें... Aligarh: खेरेश्वर चौराहे पर सनसनीखेज वारदात, बस में चढ़ते टीवीएस बाइक शोरूम मालिक की गोली मारकर हत्या
गर्दन में पीछे से लगी गोली आंख के सहारे से निकली
पोस्टमार्टम में उजागर हुआ है कि अभिषेक को सिर के हिस्से में पीछे से गर्दन में गोली मारी गई। यह गोली दायीं आंख के सहारे से बाहर निकल गई। इससे गर्दन, भेजा व आंख का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। काफी खून बह गया। इसी से अभिषेक की जान चली गई।
साजिश के आरोपी अशोक पांडेय हिरासत में है। पूजा घर से लापता है। चार टीमें घटना के खुलासे में लगी हैं। जांच में नामजदों के अभिषेक से जुड़े विवाद के काफी साक्ष्य संकलित किए गए हैं। दोनों को अभी क्लीन चिट नहीं मिली है। अब शूटरों व सही कारणों तक पहुंचने का प्रयास जारी है। जल्द खुलासा किया जाएगा। - मयंक पाठक, सीओ प्रथम-एएसपी