Aliagrh News: प्रेमिका और खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, प्रेमी की मौत, महिला दिल्ली रेफर
पुलिस की जांच में सामने आया कि वसीम के घर आते समय फरमान ने अपने मुंह को नकाब से ढक रखा था और अपने साथ थैले में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया था।
विस्तार
अलीगढ़ कोतवाली नगर क्षेत्र के तुर्कमान गेट इलाके में 23 फरवरी देर शाम एक युवक ने प्रेमिका और खुद के ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। जेएन मेडिकल काॅलेज में 24 फरवरी तड़के युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि लगभग 80 फीसदी झुलस चुकी प्रेमिका को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घसीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि तुर्कमान गेट निवासी हार्डवेयर कारोबारी वसीम के कारखाने में इलाके के ही मोहल्ला चौड़िया गोदाम निवासी फरमान (24) काम करता था। इस दौरान फरमान के वसीम की पत्नी नाजरीन उर्फ प्रिया से प्रेम संबंध हो गए। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे फरमान पैदल ही वसीम के घर पहुंचा। उस वक्त वसीम रोजा खोलने के बाद पास में ही मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। इसी बीच फरमान घर में घुस आया और मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। फरमान दूसरी मंजिल से नाजरीन को तीसरी मंजिल पर लेकर पहुंच गया। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ और फरमान ने पेट्रोल से भरी बोतल नाजरीन के ऊपर उड़ेल दी। फिर खुद के ऊपर भी पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली।
ख सुनकर आसपास के लोग पड़ोसी की छत के रास्ते पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर दोनों को पुलिस की मदद से जेएन मेडिकल काॅलेज भिजवाया। यहां 90 फीसदी से अधिक जल चुके फरमान ने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। नाजरीन को अधिक झुलस जाने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में सामने आया है कि युवक हाथ में थैला लेकर आया था। इसमें पेट्रोल से भरी बोतल रखी हुई थी। गंभीर रूप से झुलसी महिला व पड़ोसियों के बयान दर्ज किए गए हैं। सभी बिंदुओं पर जांच के साथ ही फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। युवक के परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। - मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, दी तहरीर
अलीगढ़। अविवाहित फरमान छह भाइयों में पांचवें नंबर का था। फरमान के परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिला के शाैहर वसीम पर फरमान की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि फरमान रोजा खोलकर घर पर था। तभी उसे नाजरीन ने फोन कर घर बुलाया। जहां वसीम ने उस पर पेट्रोल डालकर जलाकर मार डाला। परिजनों ने महिला के शौहर पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
ढाई साल पहले नाैकरी से हटाया
करीब ढ़ाई साल पहले वसीम को पत्नी व फरमान के बीच प्रेम संबंधों की भनक लगी तो उसे काम से निकाल दिया गया। फिर भी फरमान ने नाजरीन से चोरी छिपे बातचीत करना नहीं छोड़ा। दो फरवरी को वसीम ने फरमान के खिलाफ थाने में पत्नी को परेशान करने तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने फरमान को शांति भंग में बंदी बनाया था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
थैले में पेट्रोल की बोतल लेकर आया था फरमान
पुलिस की जांच में सामने आया कि वसीम के घर आते समय फरमान ने अपने मुंह को नकाब से ढक रखा था और अपने साथ थैले में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया था। इतना ही नहीं गंभीर रूप से झुलस जाने के बाद फरमान ने तीसरी मंजिल से कूदने का भी प्रयास किया था, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। पूरा घटनाक्रम वसीम के घर के अलावा अन्य घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में सामने आया है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने पेट्रोल की बोतल व जले हुए कपड़े कब्जे में लेने के साथ ही अन्य साक्ष्य एकत्रित किए हैं।