75th Republic Day: हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस, ध्वजारोहण संग बही देशभक्ति की बयार
गणतंत्र दिवस पर अलीगढ़ में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, कमिश्नर, डीएम, सीडीओ ने ध्वजारोहण किया। जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। तदोपरांत देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
75वां गणतंत्र दिवस अलीगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने पुलिस लाइन में सलामी ली। कमिश्नर रविन्द्र ने कमिश्नरी, डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कलैक्ट्रेट और सीडीओ आकांक्षा राना ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण संग देशभक्ति की बयार बही। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने पुलिस लाइन में सलामी ली। उन्होंने शहीदों के परिजनों को अंग वस्त्र ओढ़ाकर कर सम्मानित किया। उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। डीपीएस की नन्हीं बालिका ने भारत देश के सौंदर्य एवं गौरव को दर्शाने वाला ओडीसी नृत्य ने सभी का मनमोह लिया। एमएमजी हाईस्कूल की छात्राओं ने रंगीला म्हारो ढोलना एवं चाचा नेहरू विद्यालय के बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि आज ही के दिन भारत गणराज्य बना था। गणतंत्र दिवस हमारे लोकतंत्र में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह वह दिन है जब हमने अपने भाग्य को नियंत्रित करने का फैसला लिया और अपने देश के विकास की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। लोकतंत्र की जननी के रूप में हमारे देश ने जो यात्रा तय की है वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि किसी देश का प्रधानमंत्री यह कहे कि वह देश का शासक नहीं सेवक है तो यह दर्शाता है कि उस देश का गणतंत्र कैसा होगा।
कमिश्नर रविन्द्र ने कमिश्नरी प्रांगण में ध्वजारोहण किया। कमिश्नरी सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का यह पावन पर्व स्वाधीनता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद दिलाने के साथ ही संविधान के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा प्रदान करता है। देश के विकास के लिए नवाचार की आवश्यकता है। इसके लिए हम सभी को प्रयास करना पड़ेगा। हम सभी अपने कर्तव्यों का पालन पूर्ण निष्ठा ईमानदारी के साथ करें। कमिश्नर ने प्रतिभाग करने वाले स्कूली बच्चों को उपहार दिए। इस अवसर पर अपर आयुक्त कंचन शरण, भगवान शरण, संयुक्त विकास आयुक्त सर्वेश चन्द्र, उप निदेशक अर्थ संख्या अनुला वर्मा आदि मौजूद रहे।
डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर जय स्तम्भ पर पुष्पांजलि अर्पित कर मौलश्री का पौधा रोपा। सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने डीएम की उपलब्धियों एवं कार्यशैली को कविता पाठ के रूप में सुनाया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह पवित्र दिन हम लोगों को बहुत संघर्षों के बाद मिला है। हमको दी हुई कुर्बानियों को याद रखना चाहिए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अच्छे नागरिक के रूप में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति नहीं संस्थान महत्वपूर्ण होता है। हम जहां भी रहें अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करें। सुरक्षा व संरक्षा के भाव से घिरकर विक्रतियों को नजदीक नहीं आने देना है। इस दौरान एडीएम अमित कुमार भट्ट, पंकज कुमार नगर मजिस्ट्रेट रमाशंकर, एसीएम केबी सिंह, मो अमान, संयुक्त निदेशक पेंशन एवं कोषागार महिमा चन्द, सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
सीडीओ आकांक्षा राना ने विकास भवन में ध्वजारोहण करते हुए कहा कि गणतंत्र हमें अपने राष्ट्र पर गर्व करने के साथ ही वीर शहीदों को नमन करने का अवसर प्रदान करता है। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ और एक गणराज्य के रूप में भारत को विश्व में पहचान मिली। कार्यक्रम में सीडीओ ने विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किये।