Aligarh: जिले की 201 ग्राम पंचायतों में 41 करोड़ का गोलमाल, ऑडिट से हुआ खुलासा, दो दिन पहले आई रिपोर्ट
जिला पंचायत राज अधिकारी मो. राशिद ने बताया कि लेखा परीक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट में 201 ग्राम पंचायतों में 41.01 करोड़ रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का खुलासा हुआ है। इसमें जो भी दोषी मिलेगा, उससे रिकवरी की जाएगी।
विस्तार
अलीगढ़ जिले की ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए शासन स्तर से आवंटित हुए धन में खूब गोलमाल हुआ है। इसका खुलासा 15 मई को जारी ऑडिट रिपोर्ट ने किया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 और 2022-23 में 201 ग्राम पंचायतों में दिखाए गए खर्च में 41.01 करोड़ रुपये का गबन पाया गया है। लेखा परीक्षा विभाग ने जिला प्रशासन, पंचायत राज विभाग और शासन को पत्र भेज कर 60 दिन में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिले की 852 ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता व गबन की 237 आपत्तियां आईं थीं। लेखा परीक्षा विभाग ने इनकी जांच शुरू की। ऑडिट करने वालों ने इन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए आए धन के खर्च का ब्योरा तलब किया। एक-एक अभिलेख को बारीकी से जांचा गया। इसमें करीब 167 ग्राम पंचायतों में 35.38 करोड़ रुपये का गोलमाल मिला।
इसी तरह से वित्तीय वर्ष 2022-23 में 78 आपत्तियां सामने आईं। इनकी जांच में 48 ग्राम पंचायतों में करीब 5.63 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार मिला। लेखा परीक्षा विभाग ने इन सभी ग्राम पंचायतों में जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। 60 दिन में कार्रवाई कराने के लिए लिखा गया है।
लेखा परीक्षा अधिकारी ने बताया कि इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन, पंचायत राज विभाग और शासन को भेज दी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी मो. राशिद ने बताया कि लेखा परीक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट में 201 ग्राम पंचायतों में 41.01 करोड़ रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का खुलासा हुआ है। इसमें जो भी दोषी मिलेगा, उससे रिकवरी की जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2021-22 में हुई जांच
गोंडा ब्लॉक में 53, बिजौली में 16, इगलास में 23, खैर में 16, जवां में 5, धनीपुर में 6, अकरबाद में 5, चंडौस में 8, अतरौली में 7, लोधा में 5, गंगीरी में 2 और टप्पल की 21 ग्राम पंचायतों में धन का दुरुपयोग पाया गया है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 की जांच
ब्लॉक चंडौस में 4, धनीपुर में 17, अतरौली में 2, अकराबाद में 3, गोंडा में 1, खैर में 2, बिजौली में 3 और गंगीरी ब्लॉक की 2 ग्राम पंचायतों में गोलमाल पाया गया।
